खुद को करोड़ों का मालिक बता बदमाशों ने सर्राफ से मांगी ढाई करोड़ की रंगदारी, चार गिरफ्तार
यूपी के आगरा में मलपुरा में चोरी की घटना से भयभीत सराफा कारोबारी प्रमोद कुमार अग्रवाल से ढाई करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। बदमाश इंटरनेट के जरिए फोन कर रहे थे। धमकी भरे फोन भोजपुरी भाषा में आते थे। फोन करने वालों की लोकेशन मुंबई आती थी।

यूपी के आगरा में मलपुरा में चोरी की घटना से भयभीत सराफा कारोबारी प्रमोद कुमार अग्रवाल से ढाई करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। बदमाश इंटरनेट के जरिए फोन कर रहे थे। धमकी भरे फोन भोजपुरी भाषा में आते थे। फोन करने वालों की लोकेशन मुंबई आती थी। बदमाश सोच रहे थे कि पुलिस नहीं खोज पाएगी। पुलिस ने घटना में शामिल चारों बदमाशों को पकड़ लिया। एक आरोपित कारोबारी का करीबी निकला।
डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि ककुआ निवासी प्रमोद कुमार अग्रवाल की दुकान में 19 फरवरी की रात चोरी हुई थी। 23 फरवरी को उनके पास धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि दो दिन से दुकान क्यों नहीं जा रहे। बेटा तो प्रयागराज गया हुआ है। घरवालों से संबंधित और भी कई जानकारियां दीं। इसके बाद कहा कि टुकड़े-टुकड़े कर देंगे। अब ध्यान से सुन। पैसे की कमी नहीं है उनके पास है। चुटकी बजाते ही थैला भर जाता है।
12.50 करोड़ तो उन्होंने एक गेमिंग एप से जीते हैं। पता कर लेना। उनको ढाई करोड़ की जरूरत है। यह रकम उससे वसूलेंगे। न देने की सोचना भी नहीं। कोई रोने वाला नहीं बचेगा। बदमाश धमकी भरे यह फोन भोजपुरी भाषा में कर रहे थे। सराफा व्यापारी ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने बदमाश की लोकेशन निकाली तो वह मुंबई आई। एक टीम मुंबई गई।
वहां जानकारी की गई तो पता चला कि जो नंबर दिख रहा था, उससे फोन ही नहीं किया गया था। इस मामले में साइबर टीम को लगाया गया। छानबीन में पता चला कि फोन इंटरनेट के जरिए किए जा रहे हैं। वीपीएन पोर्टल, वर्चुअल नंबर, इंटरनेट कॉलिंग ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है। साइबर इंटेलीजेंस टीम ने आरोपियों के सुराग खोज निकाले। चार को पकड़ा गया।
गौरव शर्मा का घर पर था आना-जाना
पुलिस ने बीरई मलपुरा निवासी गौरव शर्मा, हृदेश (ककुआ), धीरज सिंह (छाता) व लतीफ (नगला मस्जिद, मलपुरा) को पकड़ा है। गौरव शर्मा का सराफा व्यापारी के घर आना-जाना है। सराफा व्यापारी का पेट्रोल पंप भी है। उसकी जमीन उन्होंने गौरव से लीज पर ली थी। हृदेश और लतीफ पर कर्जा हो गया था। उन्हें लगा कि प्रमोद अग्रवाल को टारगेट बनाया जा सकता है।
मौलवी है लतीफ
लतीफ मूलत: बिहार का निवासी है। कई साल से मलपुरा स्थित मस्जिद में रहता है। पुलिस के अनुसार मौलवी है। उसकी हृदेश से मित्रता थी। हृदेश भी अच्छे परिवार से है। उसके पकड़े जाने के बाद नेताओं ने उसे छोड़ने की पैरवी की।
चैट जीपीटी से बदली भाषा
डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि धीरज ने धमकी भरा मैसेज पहले मोबाइल में टाइप किया। उसे चैट जीपीटी से भोजपुरी भाषा में बदला। उसका प्रिंट लिया। उसे पढ़कर फोन किया करता था। ताकि पुलिस बोली से भ्रमित हो जाए।




साइन इन