यूपी : भाई-भाई के झगड़े का खूनी अंत, बड़े की हत्या कर छोटे ने लगा ली फांसी; गांव में मातम
पुलिस ने बताया कि 58 वर्षीय रामआसरे और 55 वर्षीय रामभोले के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह दोनों भाइयों में तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से से तमतमाए छोटे भाई रामभोले ने बड़े भाई रामआसरे पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

UP News : उत्तर प्रदेश के कन्नौज में भाई-भाई के झगड़े का खूनी अंत देखने को मिला है। कन्नौज के इंदरगढ़ क्षेत्र के सहियापुर गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है। सोमवार को जमीन के झगड़े के चलते दोनों भाईयों में बवाल शुरू हो गया। इस दौरान छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद छोटे भाई ने अपनी जान लेने का भी फैसला कर लिया। उसने गांव के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि सहियापुर गांव के रहने वाले दो सगे भाई 58 वर्षीय रामआसरे और 55 वर्षीय रामभोले के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह इसी विवाद में दोनों भाइयों में तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से से तमतमाए छोटे भाई रामभोले ने बड़े भाई रामआसरे पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रामआसरे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिवारीजन उन्हें लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बड़े भाई की मौत की खबर लगते ही रामभोले असहज हो गया। वह गांव के बाहर एक पेड़ के पास पहुंचा और फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ ही घंटों में दोनों भाइयों के शव देख परिवारीजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या बोली पुलिस
भाई-भाई के झगड़े में दो हत्याओं पर एसपी विनोद कुमार ने बताया कि विवाद के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगा ली। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।




साइन इन