यूपी में हर मंगलवार होगा ये काम, सीधे अधिकारियों से कह सकेंगे अपनी बात; नई व्यवस्था लागू
यह व्यवस्था, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरी ओम के निर्देश पर शुरू की जा रही है, जिससे संबंधित हितधारकों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान मिल सकेगा। नई पहल का मुख्य उद्देश्य विभाग और युवाओं के बीच की दूरी को कम करना और व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता लाना है।

UP News : उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा स्किल की ट्रेनिंग ले रहे युवाओं और ट्रेनिंग पार्टनर्स की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मिशन निदेशक पुलकित खरे के नेतृत्व में अब शिकायतों, भुगतान में देरी और अन्य प्रशासनिक मुद्दों के निस्तारण के लिए हर मंगलवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन मुख्यालय अलीगंज में ‘कौशल समाधान दिवस’ आयोजित किया जाएगा। यह व्यवस्था, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरी ओम के निर्देश पर शुरू की जा रही है, जिससे संबंधित हितधारकों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान मिल सकेगा। मिशन निदेशक पुलकित खरे के निर्देशों के बाद इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य विभाग और युवाओं के बीच की दूरी को कम करना और व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता लाना है।
सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे अपनी बात
'कौशल समाधान दिवस' के तहत अब कोई भी छात्र या ट्रेनिंग पार्टनर अपनी किसी भी प्रकार की शिकायत, रुके हुए भुगतान का मामला या विभाग की बेहतरी के लिए कोई सुझाव सीधे उच्चाधिकारियों के सामने पेश कर सकेगा। अक्सर यह देखा जाता था कि युवाओं को सर्टिफिकेट या ट्रेनिंग पार्टनर्स को भुगतान के लिए विभागों के चक्कर काटने पड़ते थे। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मिशन निदेशक ने इस 'सिंगल-विंडो' समाधान व्यवस्था की शुरुआत की है।
मौके पर ही होगा समाधान
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने इस संबंध में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी स्टेट प्रोग्राम मैनेजर (SPMs) और संबंधित अधिकारी अपने रोजमर्रा के प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ मंगलवार को आने वाली शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। समाधान दिवस के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से सुनेंगे और उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
क्या बोले अधिकारी
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। 'कौशल समाधान दिवस' के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों और प्रशिक्षण भागीदारों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी युवा या संस्थान को अपनी शिकायत के समाधान के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। यह पहल पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को और मजबूत करेगी।




साइन इन