unnao agra lucknow expressway bus accident three dead thirty one injured holi rush news होली पर घर लौट रहे लोगों के साथ भीषण हादसा, एक्सप्रेसवे पर दो बसों की टक्कर में 3 की मौत, 31 घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

होली पर घर लौट रहे लोगों के साथ भीषण हादसा, एक्सप्रेसवे पर दो बसों की टक्कर में 3 की मौत, 31 घायल

उन्नाव के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात दो रोडवेज बसों की दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और 31 घायल हुए हैं। पहले आगरा डिपो की बस ट्रक से टकराई। कुछ देर बाद उसी रोड पर किनारे खड़ी एक बस से दूसरी बस टकरा गई। 

Mon, 2 March 2026 01:07 PMYogesh Yadav बांगरमऊ (उन्नाव), संवाददाता
share
होली पर घर लौट रहे लोगों के साथ भीषण हादसा, एक्सप्रेसवे पर दो बसों की टक्कर में 3 की मौत, 31 घायल

Unnao News: होली के पावन पर्व पर अपनों के पास घर लौट रहे यात्रियों के लिए रविवार की रात काल बनकर आई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में एक के बाद एक हुए दो रोडवेज बस हादसों ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। इस हृदय विदारक दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 31 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार और एंबुलेंस के सायरन से पूरी रात एक्सप्रेसवे और अस्पताल परिसर थर्राता रहा।

एक ही रोड पर एक घंटे के भीतर दो बड़े हादसे

हादसे का सिलसिला रविवार देर रात उस वक्त शुरू हुआ, जब आगरा डिपो की एक बस (जिसमें करीब 41 सवारियां मौजूद थीं) आगरा से लखनऊ की ओर जा रही थी। सिरधरपुर गांव के पास बस चालक संतुलन खो बैठा और बस आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और 14 घायलों को बांगरमऊ अस्पताल पहुंचाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP में होली से पहले भीषण खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी से काटकर चार की हत्या, दो गंभीर

दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षा के लिहाज से एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया गया था। अभी राहत कार्य चल ही रहा था कि लगभग एक घंटे बाद एक और हादसा हो गया। मथुरा डिपो की एक अन्य बस ने सड़क किनारे खड़ी बस में भीषण टक्कर मार दी। दूसरी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मथुरा डिपो की बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, नहीं हो सकी मृतकों की शिनाख्त

दूसरे हादसे ने तबाही और बढ़ा दी। मथुरा डिपो की बस में सवार करीब 20 घायल यात्रियों को आनन-फानन में अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, पुलिस उनके पास मिले सामान और टिकट के आधार पर पहचान करने में जुटी है।

17 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (लखनऊ) रेफर कर दिया गया है। घायलों में कुशीनगर, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी और मथुरा समेत कई जिलों के निवासी शामिल हैं, जो होली की छुट्टियों में घर जा रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भद्रा और चंद्रग्रहण के बीच आज जलेगी होलिका, लखनऊ कल की जगह परसो खेलेगा होली
ये भी पढ़ें:लड़कियों के लिए महिला ट्रेनर अनिवार्य, योगी ने दिया सभी जिम की जांच का निर्देश

पुलिस और रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा की टीमें सक्रिय हो गईं। एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी बसों के मलबे को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई ताकि यातायात बाधित न हो। बांगरमऊ अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने रात भर मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों का उपचार किया। होली के ठीक पहले हुए इस हादसे से यात्रियों के गृह जनपदों और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।