उन्हें मिर्ची लगी तो मैं क्या करूं..., डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर क्यों किया ऐसा तंज?
ब्रजेश पाठक के तंज पर अखिलेश यादव ने उन्हें पत्रकार और खलिहर करार देते हुए हमला किया। इसके बाद ब्रजेश पाठक ने पलटवार जारी करते हुए कहा कि उन्हें मिर्जी लगी तो मैं क्या करूं...।

Brajesh Pathak-Akhilesh Yadav News: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को एक अलग अंदाज़ में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप के साथ किए गए इंटरव्यू ‘उत्तर प्रदेश की बात’ में अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ पर हमला क्या बोला, दोनों में पीडीए को लेकर सियासी जंग छिड़ गई। ब्रजेश पाठक के तंज पर अखिलेश यादव ने उन्हें पत्रकार और खलिहर करार देते हुए हमला किया तो ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को भी पलटवार जारी करते हुए कहा कि उन्हें मिर्जी लगी तो मैं क्या करूं...।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के इस नए प्रयोग की चर्चा भाजपा से लेकर सपा तक खूब रही। इतनी कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को पलटवार करना पड़ा। इंटरव्यू में ब्रजेश पाठक खासतौर से मंत्री नरेंद्र कश्यप ऐसे सवाल पूछते नजर आ रहे हैं, जिनके जवाब में सपा के ‘पीडीए’ को निशाने पर लिया गया है। उसे 'परिवार डवलपमेंट अथॉरिटी' बताने के साथ ही 'राजपरिवार', एक परिवार का राज जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया। वहीं सपा पर बाबा साहब के सिद्धांतों को पीछे धकेलने का भी आरोप लगाया।
पाठक का पलटवार, पत्रकार होना गर्व की बात
ब्रजेश पाठक के वीडियो को टैग करते हुए जब अखिलेश यादव ने उन पर वार किया तो शुक्रवार को फिर ब्रजेश पाठक ने एक्स पर एक तस्वीर टैग करते हुए पलटवार किया। उन्होंने लिखा कि जितने महान जननेता हुए हैं, लगभग सभी पत्रकार रहे हैं l पंडित दीनदयाल मासिक पत्रिका राष्ट्रधर्म निकालते थे। राम मनोहर लोहिया हिंदी मासिक पत्रिका जन और अंग्रेजी मासिक पत्रिका मैनकाइंड के संपादक थे। संवाद और साक्षात्कार करना हमारी सनातन परम्परा है, वादे वादे जायते तत्वबोध। उन्होंने कहा कि पत्रकार भाई और बहन हमारे समाज के कर्मयोगी हैं। उन्हें खलिहर बताना सभी पत्रकारों और मेहनतकशों का अपमान है। जो युवराज होंगे, उन्हें मेहनतकश बुरे लगेंगे। जो झूठ के सौदागर होंगे, उन्हें संवाद बुरा लगेगा। समझ से परे है कि कुछ लोग संवाद और सच्चाई से इतना डरते क्यों हैं?
भाजपाई मंत्री इंटरव्यू-इंटरव्यू खेलकर गर्मी की छुट्टियां मना रहे: अखिलेश
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप द्वारा साक्षात्कार लिए जाने और कुछ टिप्पणियां किए जाने पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की जनता बिन-बिजली गर्मी-बीमारी में तड़प रही है और भाजपाई मंत्री ‘इंटरव्यू-इंटरव्यू’ खेलकर गर्मी की छुट्टियां मना रहे हैं। अखिलेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखते हुए कहा कि जो स्वास्थ्य मंत्री के रूप में साबित हो गए बेकार, अब वो बन गए पत्रकार,… क्योंकि समय बिताने के लिए करना है कुछ काम। सरकार, संगठन, दल में तो पहले ही हुए नाकाम, फिर डपट पड़ेगी डिप्टी को! उन्होंने हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल के गिरने से छह लोगों की मौत और अन्य के घायल होने की घटना को दुखद बताते हुए स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि पीड़ितों की हर संभव मदद करें।




साइन इन