बिहार में भिड़े यूपी के दो ट्रक ड्राइवर; रोड रेज में हो गया मर्डर, उजड़ गया एक परिवार
बिहार के बक्सर में ओवरटेक को लेकर हुए रोड रेज में यूपी के मऊ निवासी ट्रक चालक पंकज यादव की ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी गई। आरोपी चालक अंबेडकरनगर निवासी नीतीश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसर गया है।

बिहार के बक्सर जिले में सड़क पर हुई एक सनसनीखेज वारदात ने उत्तर प्रदेश के एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में एक ट्रक चालक ने दूसरे ट्रक चालक को बेरहमी से ट्रक से कुचल दिया। इस घटना में मऊ निवासी 30 वर्षीय पंकज यादव की मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलते ही उसके घर में मातम छा गया। घटना नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर इलाके में देर रात हुई। बताया जा रहा है कि बालू लोड करने के लिए ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान दो ट्रक चालकों के बीच आगे निकलने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों चालक आपस में भिड़ गए।
रोड रेज में मर्डर, ट्रक से कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान एक चालक लोहे की रॉड लेकर दूसरे चालक की ओर मारने के लिए दौड़ पड़ा। इसी दौरान दूसरे ट्रक चालक ने गुस्से में ट्रक आगे बढ़ा दिया और सामने खड़े चालक को कुचलते हुए निकल गया। ट्रक के नीचे आने से पंकज यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद एनएच-120 और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। डुमरांव पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रक भी जब्त कर लिया है।
बिहार में भिड़े यूपी के दो ड्राइवर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंबेडकरनगर निवासी नीतीश यादव के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नया भोजपुर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि पंकज यादव रोजी-रोटी कमाने के लिए ट्रक चलाते थे और बालू ढुलाई का काम करते थे। उनकी अचानक मौत की खबर जैसे ही मऊ स्थित उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू घाट तक पहले पहुंचने की होड़ में अक्सर ट्रक चालकों के बीच विवाद हो जाता है। रात में नो-एंट्री खुलने के बाद बड़ी संख्या में ट्रक एक साथ निकलते हैं, जिससे सड़क पर अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं पंकज की मौत ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।




साइन इन