Road rage Meerut: BJP leader henchmen beat police middle road taunted with weapons मेरठ में रोड रेज : भाजपा नेता के गुर्गों ने बीच सड़क पर पुलिस को पीटा, हथियार ताने, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मेरठ में रोड रेज : भाजपा नेता के गुर्गों ने बीच सड़क पर पुलिस को पीटा, हथियार ताने

मेरठ में भाजपा नेता के गुर्गों ने रोड रेज के बाद बीच सड़क पर कार सवार दो युवकों को बेरहमी से पीटा। बचाव में पहुंची पुलिस पर भी हमला कर दिया। हमलावरों का दुस्साहस इतना था कि पुलिस पर ही तमंचे तान दिए ।

Fri, 21 April 2023 09:37 PMDinesh Rathour कार्यालय संवाददाता, मेरठ।
share
मेरठ में रोड रेज : भाजपा नेता के गुर्गों ने बीच सड़क पर पुलिस को पीटा, हथियार ताने

मेरठ की गढ़ रोड पर शुक्रवार शाम भाजपा नेता के गुर्गों ने रोड रेज के बाद बीच सड़क पर कार सवार दो युवकों को बेरहमी से पीटा। बचाव में पहुंची पुलिस पर भी हमला कर दिया। हमलावरों का दुस्साहस इतना था कि पुलिस पर ही तमंचे तान दिए और मारपीट कर दी। स्कार्पियो सवार कुछ हमलावर भाग निकले, जबकि स्विफ्ट सवार चार हमलावरों को पुलिस ने दबोच लिया। जनपद हापुड़ के ग्राम काटीखेड़ा निवासी जयशंकर यूपी पुलिस में तैनात हैं। उनकी पोस्टिंग रामपुर के सिविल लाइन थाने में चल रही है। इन दिनों वह छुट्टी पर हैं। शुक्रवार को वह अपने दोस्त आदित्य प्रधान के साथ मेरठ अपनी शादी के कार्ड बांटने आए थे। गढ़ रोड पर आनंद अस्पताल के सामने पीछे से आई तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी कार में साइड मार दी।

आदित्य ने कार सवारों को टोका तो उन्होंने उनकी कार रुकवा ली। स्विफ्ट से चार युवक निकले और ड्राइविंग सीट पर मौजूद आदित्य को बाहर खींच लिया। मारपीट शुरू कर दी। जमीन पर गिराकर पीटते हुए कपड़े फाड़ दिए। मौके पर पहुंचे दरोगा व सिपाही से भी हाथापाई कर दी और स्कॉर्पियो में सवार उनके साथी तमंचा तानकर मौके से फरार हो गए। भीड़ के साथ मिलकर पुलिस ने चार हमलावरों को दबोच लिया। उन्हीं की गाड़ी से पुलिस सभी को मेडिकल थाने ले आई। पूछताछ में हमलावरों ने अपने नाम अर्जुन अहलावत निवासी आर्यनगर सूरजकुंड, कुबेर तोमर निवासी शास्त्रीनगर, रोहित ठाकुर निवासी रामबाग सूरजकुंड और चिराग गोस्वामी निवासी फूलबाग कॉलोनी बताए हैं। जयशंकर की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। सभी हमलावरों की डाक्टरी कराई गई है। 

दस मिनट तक अफरातफरी

कार सवार हमलावर बेखौफ थे। मारपीट की वीडियो बना रहे कुछ लोगों को उन्होंने हड़काना शुरू कर दिया। देखते ही देखते अफरातफरी मच गई और करीब एक किलोमीटर तक जाम लग गया। सोशल मीडिया पर मारपीट की वीडियो वायरल हो गई। हमलावरों ने पीड़ित की कार का शीशा भी तोड़ दिया। 

सिफारिशों का दौर

वारदात के बाद हमलावर अपनी कार में घुस गए और अंदर से लॉक कर लिया। पुलिस ने किसी तरह कार खुलवाई और सभी को लेकर थाने आ गई। हमलावरों के थाने पहुंचते ही काफी संख्या में युवक एकत्र हो गए। कुछ ही देर में सिफारशी फोन घनघनाने लगे। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया, जिसका हवाला देकर पुलिसकर्मियों ने हाथ खड़े कर दिए। 

एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया, पुलिस ने कुछ हमलावरों को हिरासत में लिया है। रोड रेज से विवाद शुरू हुआ। पीड़ित पक्ष तहरीर दे रहा है। कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। 


 

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।