यूपी में चलती ट्रेन में गन प्वाइंट पर ढाई लाख की लूट, धीमी होते ही फायरिंग कर भागे बदमाश
रामपुर में बिलासपुर रेलवे स्टेशन से एक किमी. दूर बदमाशों ने संपर्क क्रांति ट्रेन में रुद्रपुर के एक व्यापारी के दो कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए ट्रेन से कूदकर भाग गए।

यूपी रामपुर जिले के बिलासपुर में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बुधवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बिलासपुर रेलवे स्टेशन से एक किमी. दूर उन्होंने चलती ट्रेन में रुद्रपुर के एक व्यापारी के दो कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए ट्रेन से कूदकर भाग गए। पुलिस टीमों ने आसपास के जंगलों में घंटों कॉम्बिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। जीआरपी ने में देर शाम तीन अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराया गया।
हथियार लेकर ट्रेन में घुसे बदमाश
उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर की सिंह कॉलोनी निवासी व्यापारी मंदीप सिंह की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। बुधवार सुबह करीब दस बजे उनके कर्मचारी रितिक मंडल और साहब सिंह करीब सात लाख रुपये की नकदी लेकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। दोनों की सीट कोच संख्या डी-1 में बुक थी। बताया गया कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले आनंदनगर क्षेत्र में ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही तीन बदमाश डिब्बे में घुस आए।
तमंचा सटाकर नकदी से भरा बैग लूटा
यात्रियों के मुताबिक बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों की कनपटी पर तमंचा सटाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद जैसे ही ट्रेन एक तीव्र मोड़ पर और धीमी हुई, बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए नीचे कूद गए और पास के जंगलों में ओझल हो गए। घटना से कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्री सहम गए। बदमाशों के फरार होने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। असिस्टेंट कमांडेंट मोहम्मद शारिक खान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दिनदहाड़े लूट से मचा हड़कंप
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि मामले की गंभीरता को दबाने की कोशिश की गई। सूत्रों के अनुसार पुलिस कर्मियों ने पीड़ितों पर घटना की जानकारी मीडिया से साझा न करने का दबाव बनाया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि प्रशासन अपनी लापरवाही छिपाने के लिए तथ्यों पर पर्दा डाल रहा है। दिनदहाड़े चलती ट्रेन में हुई इस वारदात ने यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
घटना से ट्रेन में सवार यात्री सहमे
चलती ट्रेन में लूट की घटना से यात्री भी सहम गए। इस घटना ने रेल सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। जब दिनदहाड़े ट्रेन में घुसकर बदमाशों ने लूट की और फिर आसानी से फरार भी हो गए। अभी तक बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।




साइन इन