मैरिज होम संचालक की मां को घर में बंधक बनाकर दिनदहाड़े लूट, एक तमंचा ताने खड़ा रहा
यूपी के अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के पॉश इलाके महावीर पार्क में शनिवार को दिनदहाड़े हेलमेट पहने नकाबपोश दो बदमाश एक मैरिज होम संचालक के घर में घुस गए। तमंचे के बल पर उनकी वृद्ध मां को बंधक बना लिया। हाथ-पैर बांधने के साथ मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।

यूपी के अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के पॉश इलाके महावीर पार्क में शनिवार को दिनदहाड़े हेलमेट पहने नकाबपोश दो बदमाश एक मैरिज होम संचालक के घर में घुस गए। तमंचे के बल पर उनकी वृद्ध मां को बंधक बना लिया। हाथ-पैर बांधने के साथ मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और 50 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये के जेवरात लूटकर ले गए। बदमाश स्प्लेंडर बाइक पर आए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। महावीर पार्क स्थित राज हाउस निवासी कुलदीप वार्ष्णेय का गोंडा रोड पर राज पैलेस के नाम से मैरिज होम है।
तिमंजिला घर में निचले तल पर उनकी 67 वर्षीय मां रामकुमारी गुप्ता अपने बड़े बेटे पंकज गुप्ता के साथ रहती हैं। पंकज दिव्यांग हैं। दूसरी मंजिल पर कुलदीप अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना शनिवार सुबह सवा 11 बजे की है। कुलदीप घर पर ही थे। पंकज मंदिर गए थे। इसी बीच दो बदमाश घर के मैन गेट को खोलते हुए अंदर घुस गए। रामकुमारी के पूछने पर बदमाशों ने कहा कि वो कहा हैं? वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा तान दिया और कमरे में ले गए। दुपट्टे से हाथ बांध दिए। उसी दुपट्टे को मुंह में ठूंस दिया।
दूसरे कमरे में अलमारी से करीब 50 हजार रुपये व करीब पांच लाख के जेवरात लेकर फरार हो गए। बाद में राजकुमारी ने किसी तरह मुंह से दुपट्टा निकालकर शोर मचाया। एसपी सिटी, मृगांक शेखर पाठक ने कहा कि मामले में लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
एक तमंचा ताने खड़ा रहा, दूसरे ने की लूट
क्वार्सी क्षेत्र के महावीर नगर में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। घर में पांच किरायेदार रहते हैं। जबकि घटना के समय बेटा व पुत्रवधू भी मौजूद थे। इसके बावजूद घटना होने पर पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने पहले रैकी की होगी। उन्हें जानकारी थी कि वृद्धा घर में अकेली हैं। वह दुपट्टा अपने साथ लाए थे। आते ही बंधक बना लिया। एक वृद्धा की कनपटी पर तमंचा ताने खड़ा रहा, जबकि दूसरे ने सामान खंगाल डाला। केवल 10 मिनट में आरोपी लूटपाट करके फरार हो गए।
मैरिज होम संचालक कुलदीप के मौसा सासनीगेट निवासी सोमेंद्र गुप्ता ने बताया कि आरोपी 11:20 बजे घर में घुसे थे। बदमाशों के घुसने पर वृद्धा ने शोर मचाने का प्रयास किया, मगर तभी आरोपियों ने पहले हाथ में उनका मुंह दबा दिया। साथ ही तमंचा तान दिया। इसके बाद दुपट्टे से हाथ-पैर बांध दिए। एक आरोपी उनके पास तमंचा लेकर खड़ा रहा। दूसरे कमरे में गया और लूटपाट की। इसके बाद दोनों 11: 30 बजे फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह रामकुमारी ने मुंह से कपड़ा निकाला। घर के चौक में आकर शोर मचाया। इसके बाद बेटा कुलदीप, पुत्रवधू इंदू वार्ष्णेय, किरायेदार व आसपास के लोग एकत्रित हो गए। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। लूटे गए जेवरात की कीमत लगभग पांच लाख रुपए बताई जा रही है।
50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले
पहचान छिपाने के लिए दोनों बदमाशों ने सिर पर हेलमेट पहन रखा था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी खराब थी। इसके बाद देर शाम तक पुलिस ने आसपास के 50 से अधिक कैमरे खंगाले, जिसमें आरोपी ट्रेस हो गए हैं। राजकुमारी के पति राकेश कुमार की 2022 में ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई थी। वह भट्ठा संचालक थे। वहीं, कुलदीप मैरिज होम चलाने के अलावा बिल्डिंग मैटीरियल का काम भी करते हैं। बताया जा रहा है कि पंकज के बाहर जाने के बाद ही आरोपी घर में घुस गए। जाली वाला दरवाजा खुला हुआ था। साथ ही लोहे का मैनगेट भी अंदर से बंद था।
दूसरे सेफ खोलने के दौरान आहट सुन भागे
सेफ का लॉक खुला हुआ था। इसलिए आरोपियों ने कुछ ही देर में उसे खाली कर दिया। इसके बाद दूसरा सेफ खोलने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक किराएदार ने घर में प्रवेश किया। उसके आने की आहत सुनकर आरोपी आनन-फानन बाहर निकले और बाइक लेकर फरार हो गए।




साइन इन