Robbery in Lucknow-Chandigarh Express train, miscreants escaped with jewelery of many women लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में लूट, कई महिलाओं के आभूषण लेकर फरार हो गए बदमाश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में लूट, कई महिलाओं के आभूषण लेकर फरार हो गए बदमाश

लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में लूट हो गई। बरेली-रामपुर के बीच नगरिया रेलवे स्टेशन के पास बदमाशों ने ट्रेन में खिड़की के पास बैठी महिलाओं की सोने की चेन समेत अन्य आभूषण उड़ाए और फरार हो गए। घटना होने के बाद रेलवे पुलिस में खलबली मची हुई है।

Mon, 23 Sep 2024 06:31 AMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में लूट, कई महिलाओं के आभूषण लेकर फरार हो गए बदमाश

लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में रविवार को सफर कर रही कई महिलाओं के साथ लूट हो गई। बरेली-रामपुर के बीच नगरिया रेलवे स्टेशन के पास बदमाशों ने ट्रेन में खिड़की के पास बैठी महिलाओं की सोने की चेन समेत अन्य आभूषण उड़ाए और फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं ने शोर मचाने पर किसी पुलिसकर्मी के नहीं पहुंचने और सहारनपुर जीआरपी पर मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है।

रविवार सुबह लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस बरेली-रामपुर के बीच नगरिया रेलवे स्टेशन के पास सिग्नल नहीं मिलने के कारण खड़ी थी। इस दौरान मौका पाकर बदमाशों ने खिड़की के पास बैठी महिलाओं को अपना शिकार बनाया। कई महिलाओं के गले और हाथों से आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना होने के बाद रेलवे पुलिस में खलबली मची हुई है। बदमाशों की तलाश में दबिश भी दी गई। लेकिन, अभी तक कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी। पीड़ित महिला यात्रियों ने सहारनपुर जीआपरी पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है।

पीड़ितों में से एक चंडीगढ़ निवासी महिला अंजना चार अन्य महिलाओं के साथ ट्रेन नंबर 12231 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के कोच एस-7 में बैठी थी। पीड़ितों ने बताया कि ट्रेन जंगल में किसी स्थान पर रुकी हुई थी। इसका मौका पाकर बदमाशों धावा बोलते हुए चेन समेत अन्य आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। महिलाओं ने शोर मचाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घटना के बाद पीड़ित महिलाओं ने लूट की सूचना रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर दी। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर रेलवे पुलिस ने कोच में पहुंचकर महिलाओं से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। बरेली-रामपुर के बीच नगरिया रेलवे स्टेशन पर सिग्नल नहीं मिलने के कारण ट्रेन खड़ी थी। इस दौरान कुछ महिला यात्रियों से आभूषण और सामान झपटने की जानकारी दी है। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।