बहन को छेड़ने पर दो भाईयों ने कत्ल कर दोस्त को खेत में गाड़ा, 240 दिन बाद मिला कंकाल
रामू यादव ने पिछले साल 20 जुलाई को ओमवीर को बहाने से घर बुलाया और अपने भाई सुरजीत के साथ मिलकर गमछे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए खेत में गड्ढा खोदकर उसमें दबा दिया। उधर, ओमवीर की पत्नी धरमशीला ने 21 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई।

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां बहन से छेड़छाड़ करने पर दो भाइयों ने मिलकर अपने दोस्त की हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए खेत में पांच फीट का गड्ढा खोद उसमें दबा दिया। आठ महीने पहले हुए इस हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा फरार है। 240 दिन बाद खेत से कंकाल और आलाकत्ल भी बरामद कर लिया गया है। इस मामले में लापरवाही बरतने पर तत्कालीन थानाध्यक्ष और मौजूदा महिला थाना प्रभारी मोनू शाक्य और पूर्व विवेचक रवि सोलंकी को पुलिस अधीक्षक ने सस्पेंड कर दिया है।
अमृतपुर क्षेत्र के गूजरपुर पमारान गांव निवासी रामू यादव ने बताया कि उसकी बहन के साथ 25 वर्षीय साइकिल दुकानदार ओमवीर राठौर ने छेड़छाड़ की थी। इसकी जानकारी होने पर उसे ठिकाने लगाने की योजना बना ली थी। पिछले साल 20 जुलाई को ओमवीर को बहाने से घर बुलाया और अपने भाई सुरजीत के साथ मिलकर उसकी गमछे से गला कसकर हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए खेत में गड्ढा खोदकर उसमें दबा दिया। उधर, ओमवीर की पत्नी धरमशीला ने 21 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने 31 अगस्त को सपा नेता पूर्व प्रधान देवेंद्र यादव, रामू यादव, उसके भाई सुरजीत यादव, गुलाब सिंह उर्फ तिलक, श्यामवीर और बंटी उर्फ रामऔतार के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
धरमशीला ने बताया कि शुरुआत से ही थाना पुलिस आरोपितों के खिलाफ लापरवाही बरतती रही। कई बार थाने बुलाया और छोड़ा। उसने मुख्यमंत्री से लेकर आलाअफसरों तक से भी शिकायत की। 23 मार्च को समाधान दिवस में इसकी शिकायत की तो पुलिस कप्तान आरती सिंह ने थाना प्रभारी रक्षा सिंह को इसकी जांच सौंपी। पुलिस ने ओमवीर के दोस्त रामू को देहरादून से उठाकर पूछताछ शुरू की तो उसने पूरी सच्चाई कबूल कर दी।
एएसपी अरुण कुमार ने बताया कि ओमवीर की हत्या रामू ने अपने भाई सुरजीत के साथ मिलकर की थी। दोनों ने उसे धोखे से बुलाकर पहले शराब पिलाई और फिर गमछे से गला कसकर मौत के घाट उतार दिया। फरार सुरजीत को भी जल्द पकड़ा जाएगा। रामू को जेल भेज दिया गया है। नामजद सभी आरोपितों के खिलाफ फिर से जांच होगी। उधर, बुधवार को एसडीएम की मौजूदगी में ओमवीर का कंकाल खेत से बरामद कर लिया गया है।
क्या बोलीं पुलिस कप्तान
फर्रुखाबाद की पुलिस कप्तान आरती सिंह ने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने पर तत्कालीन थानाध्यक्ष मोनू शाक्य और पूर्व विवेचक रवि सोलंकी को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।




साइन इन