तूने बहुत परेशान किया है, तेरा हिसाब ऊपर होगा; वीडियो बनाकर युवक ने खुद को गोली से उड़ाया
मुरादाबाद के कुंदरकी में एक युवक ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

Moradabad Suicide News: यूपी के मुरादाबाद में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया और फिर पिता की लाइसेंस बदूंक से खुद के सिर में गोली मारकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले बनाया गया युवक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के चकफाजपुर निवासी 20 वर्षीय फरअत अली पुत्र सरताज पंजाब में लिफ्टिंग बैरियर गेट लगाने का काम करता था। वह ईद मनाने के लिए चार दिन पहले ही घर लौटा था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे उसने घर में रखी पिता की लाइसेंसी बंदूक निकाली और खुद के सिर से सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली की आवाज सुनकर जब परिजन कमरे की ओर दौड़े, तो वहां का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। फरअत लहूलुहान हालत में मृत पड़ा था।
वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
घटना से ठीक पहले युवक के लाइव वीडियो बनाने की बात सामने आ रही है, जिसमें उसने अपनी मौत का संकेत दिया था। वीडियो में वह कह है कि तूने बहुत परेशान किया है। तेरा हिसाब ऊपर होगा। हालांकि फरअत ने वीडियो में ये शब्द किसके लिए बोले हैं, इसकी पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस ने पिता की लाइसेंसी बंदूक और युवक का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड से पहले वायरल हुए वीडियो की पुष्टि की जा रही है और यह भी जांचा जा रहा है कि युवक किसी मानसिक तनाव में था या कोई और विवाद था। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आठ दिन बाद घर से उठनी थी बहन की डोली
फरअत अपने छह भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। घर में आठ दिन बाद उसकी बहन की शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां सबसे छोटे बेटे की मौत से कोहराम मच गया।
परिवार में सबसे छोटा था फरअत
फरअत के आत्महत्या से परिवार में कोहराम मचा है। मां-बहन सबका रो-रोकर बुरा हाल है। फरअत अली छह भाई-बहन थे, जिसमें फरअत सबसे छोटा था। बेटे का लूहुहान शव देखकर मां फिरदौस और पिता सरताज का बेहाल हो गया। अपनी आंख के सामने पड़े जवान बेटे के शव को देखकर मां-पिता गश खाकर गिर पड़े। नाते-रिश्तेदार संभालते नजर आए।




साइन इन