फ्लैट में संदिग्ध हालत में मरा मिला बुजुर्ग, तीन दिन से शव के साथ रह रही थी बहन, तंत्र-मंत्र की आशंका
कानपुर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया। जब एक फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में 69 साल के अरुण कुमार का शव मिला। वहीं जांच के दौरान दूसरे कमरे में उनकी 58 वर्षीय बहन जीवित अवस्था में मिलीं।

UP News: यूपी के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां लाजपत नगर स्थित केसी अपार्टमेंट में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया। जब चौथी मंजिल स्थित एक फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नजीराबाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में 69 साल के अरुण कुमार मलिक का शव मिला। वहीं जांच के दौरान दूसरे कमरे में उनकी 58 वर्षीय बहन हेमलता जीवित अवस्था में मिलीं। घटना के बाद पड़ोसियों ने महिला पर तंत्र-मंत्र की आशंका जताई। फिलहाल पुलिस महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पड़ोसियों के अनुसार बीते कई वर्षों से फ्लैट में अरुण कुमार अपनी बहन के साथ रहते थे। वह दोनों ही बहुत रिजर्व व्यवहार के थे। एक-दो दिन से उनके फ्लैट के बाहर से दुर्गंध आ रही थी। शनिवार को तेज दुर्गंध होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नजीराबाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो कमरे में अरुण कुमार का शव मिला। पड़ोसियों द्वारा उनकी बहन की जानकारी देने पर पुलिस ने पूरे फ्लैट की तलाशी ली। दूसरा कमरा बंद होने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो भीतर उनकी बहन हेमलता मिली।
पुलिस ने उनसे अरुण कुमार की मौत के बारे में पूछने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ नहीं बोली। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए नजीराबाद थाने ले गई। नजीराबाद थाना प्रभारी ने बताया कि घर में पीडब्लूडी विभाग का एक आई कार्ड मिला है। इससे प्रतीत हो रहा है कि अरुण कुमार सेवानिवृत्त पीडब्लूडी कर्मचारी थे। संभवतः उनकी मौत दो से तीन दिन पहले हो चुकी है। घर की दीवारों पर अजीब सा लिखा होने के कारण पड़ोसी तंत्र-मंत्र की आशंका जता रहे है। हालांकि ऐसा कुछ नहीं है।
गोरखपुर में युवक की हत्या
उधर, गोरखपुर के खजनी इलाके में युवक की गला रेत कर हत्या के बाद बोरे में शव डालकर आमी नदी में फेंकने के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इससे पहले चार आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेजवा चुकी है।
दरअसल, 24 मई 2026 को गीडा थाना क्षेत्र के अडिलापार गांव स्थित सेमरहवां बाबा स्थान के पास आमी नदी में बोरे में युवक का शव मिला था। उसकी पहचान सहजनवां के मिनवां टिकरिया गांव निवासी आदित्य साहनी के रूप में हुई। आदित्य की मां ने 13 लोगों पर खजनी थाने में केस दर्ज कराया था। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।




साइन इन