गर्लफ्रेंड के टॉर्चर से तंग आकर प्रवक्ता ने की खुदकुशी, चार पन्ने के सुसाइड नोट में ठहराया जिम्मेदार
बरेली में प्रेमिका से विवाद और जेल भिजवाने की धमकी देने से परेशान एक प्रवक्ता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। चार पन्ने के सुसाइड नोट में उन्होंने प्रेमिका और उसके भाइयों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।

UP News: यूपी के बरेली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां प्रेमिका से विवाद और जेल भिजवाने की धमकी देने से परेशान राजकीय इंटर कॉलेज बरौर के प्रवक्ता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। चार पन्ने के सुसाइड नोट में उन्होंने प्रेमिका और उसके भाइयों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोरखपुर के गोला थाने के सुअरज गांव के रहने वाले राजबली के बेटे 26 साल के वशिष्ठ मुनि नवाबगंज के बरौर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में गणित के प्रवक्ता थे। वह इज्जतनगर के गांव धौरेरा माफी में सत्यपाल सिंह के मकान में ऊपरी मंजिल पर किराये पर रहते थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे राजबली ने वशिष्ठ मुनि को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर उन्होंने मकान मालिक सत्यपाल को फोन करके देखने को कहा। सत्यपाल ने उनके कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो उनका शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच करने के बाद शव पोस्टमार्टम को भिजवाया।
प्रेमिका और भाई पर टॉर्चर करने का आरोप
पुलिस ने वशिष्ठ मुनि के कमरे में तलाशी ली तो वहां चार पन्ने का सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें उन्होंने अपनी प्रेमिका और उसके भाइयों को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। आरोप लगाया है कि उसने काफी रुपये उनसे ले लिए और उन्हें व पिता को जेल भिजवाने की धमकी दे रही थी। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने उनके मोबाइल की जांच की प्रेमिका से लड़ाई होने और उन्हें व पिता को जेल भिजवाने की धमकी देने संबंधी मैसेज सामने आए। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्नाव में शिक्षिका ने खाया जहरीला पदार्थ
उधर, उन्नाव के सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बदरका प्रथम में तैनात शिक्षिका नरजिस सुल्ताना ने गुरुवार को स्कूल परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया था। जहर खाने से पहले उन्होंने 1 मिनट 11 सेकेंड का एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने स्कूल में ही तैनात शिक्षामित्र पुष्कर बाजपेई पर प्रताड़ित करने के कई आरोप लगाए। खुदकुशी के लिए भी उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया। शिक्षिका के जहर खाने की जानकारी मिलते ही स्कूल स्टॉफ और आसपास के मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शिक्षिका की बिगड़ती हालत को देख तत्काल एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अचलगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज कर उन्हें रेफर कर दिया। परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।




साइन इन