यूपी : कॉलेज जाने के लिए निकली बीए थर्ड ईयर की छात्रा का अपहरण के बाद कत्ल, जंगल में मिली लाश
ललिता आरजी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह 15 मई को सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। इसके बाद से वह वापस घर नहीं आई। परिजनों ने टीपीनगर थाने में पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। रविवार को श्योपाल सिंह के गन्ने के खेत में ललिता की सड़ी गली लाश बरामद हुई।

UP News : उत्तर प्रदेश के मेरठ के आरजी कॉलेज की बीए थर्ड ईयर की छात्रा ललिता का 15 मई की सुबह मेरठ से अपहरण कर रोहटा के जंगल में कत्ल किया गया। रविवार सुबह रोहटा के उकसिया गांव के बाहर गन्ने के खेत में युवती की लाश मिली। परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। टीपीनगर पुलिस 2 दिन में भी छात्रा को बरामद नहीं कर पाई। पुलिस की लापरवाही और वारदात को लेकर ग्रामीणों ने रोहटा थाने पर हंगामा कर दिया। फिलहाल खुलासा हुआ कि मनचले ने साथी के साथ वारदात की और इसके बाद बद्रीधाम फरार हो गया। पुलिस की पांच टीमों को खुलासे में लगाया गया है।
रोहटा क्षेत्र के थ्रोट गांव निवासी वेदप्रकाश पिछले आठ महीने से रोहटा रोड टीपीनगर क्षेत्र स्थित गगन एनक्लेव कॉलोनी में रह रहे थे। बताया गया कि कल्याणपुर गांव निवासी अंकुश, वेदप्रकाश की 21 वर्षीय बड़ी बेटी ललिता से छेड़छाड़ करता था, जिसे लेकर परिवार ने गांव छोड़ दिया था। ललिता आरजी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी और 15 मई को सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। इसके बाद से वह वापस घर नहीं आई। परिजनों ने टीपीनगर थाने में पहुंचकर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज नहीं किया और गुमशुदगी दर्ज की।
दूसरी ओर, रविवार को उकसिया गांव में श्योपाल सिंह के गन्ने के खेत में ललिता की सड़ी गली लाश बरामद हुई। इसके बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। परिजनों ने रेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाते हुए कल्याणपुर निवासी अंकुश, उसके भाई अंकित और निशांत के खिलाफ तहरीर दी है। परिजनों ने बताया कि अंकुश काफी समय से ललिता को परेशान कर रहा था और इसी बात को लेकर पूर्व में शिकायत की थी। आरोप लगाया कि किसी ज्वलनशील पदार्थ से चेहरा जलाया गया है, हालांकि पुलिस ने इस बात से इंकार किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की तलाश में दो टीम लगाई हैं।
दो साल पहले भी अंकुश ने किया था ललिता का अपहरण
ग्रामीणों के अनुसार, युवती का शव अर्धनग्न हालत में था। आशंका जताई कि रेप के बाद हत्या की की गई। ललिता के पिता ने बताया कि करीब दो साल पहले भी अंकुश ने उनकी बेटी का अपहरण किया था और आए दिन छेड़छाड़ करता था। बाद में पुलिस को शिकायत की थी, लेकिन बिरादरी के लोगों ने समझौता करा दिया था। इसके बाद गांव छोड़ दिया था, ताकि आरोपी परेशान न करे।
आरोपी अंकुश बद्रीधाम फरार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि अंकुश और उसका एक दोस्त बाइक से ललिता को उकसिया लेकर पहुंचे थे। यहां पर विवाद के बाद गला दबाकर ललिता की हत्या की गई। पुलिस रेप की बात से फिलहाल इंकार कर रही है और पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। दूसरी ओर, अंकुश की लोकेशन बद्रीधाम मिली है। साफ है कि हत्या करने के बाद आरोपी वहीं फरार हो गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को लगाया गया है।
क्या बोली पुलिस
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि रोहटा थाना क्षेत्र के उकसिया गांव के जंगल में ललिता नाम की छात्रा की लाश मिली है। हत्या का मुकदमा रोहटा थाने पर ही दर्ज कराया जा रहा है। ललिता की गुमशुदगी टीपीनगर थाने में दर्ज है। अंकुश नाम के युवक पर आरोप है। फिलहाल आरोपियों की तलाश में पांच टीम को लगाया गया है।




साइन इन