यूपी में छूटे छात्रों को इस डेट तक मिलेगी छात्रवृत्ति, योगी सरकार ने जारी किया संशोधित समय-सारिणी
यूपी में छूटे छात्रों को छात्रवृत्ति 16 मार्च तक मिल जाएगी। देरी के चलते इन 5.87 लाख छात्रों की छात्रवृत्ति फंस गई थी। योगी सरकार ने अब संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।

यूपी में तकनीकी गड़बड़ी व परीक्षा परिणाम में देरी के कारण छात्रवृत्ति पाने से वंचित रह गए छात्रों के खाते में अब 16 मार्च तक धनराशि भेजी जाएगी। वर्ष 2024-25 में विश्वविद्यालय व कॉलेजों ने मास्टर डाटा लॉक न करने, आवेदन अग्रसारित न करने और परीक्षा परिणाम में देरी के चलते इन 5.87 लाख छात्रों की छात्रवृत्ति फंस गई थी। योगी सरकार ने अब संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी की गई संशोधित समय-सारिणी के अनुसार विश्वविद्यालय व कॉलेज 27 फरवरी तक छात्रों का सत्यापन करेंगे, पाठ्यक्रम व संस्था को ऑनलाइन लॉक करेंगे। वहीं जिला समिति की ओर से 1 मार्च तक मास्टर डाटा लॉक किया जाएगा। जिला स्तर पर विभागीय अधिकारी डाटा के अनुसार एनआईसी से छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन मांग करेंगे। 16 मार्च तक छात्रों के खाते के बैंक खाते में छात्रवृत्ति की धनराशि भेज दी जाएगी।
दरअसल वर्ष 2024-25 में विश्वविद्यालय व कॉलेजों की लापरवाही से यह छात्र छात्रवृत्ति पाने से वंचित रह गए। बीफॉर्मा का सत्र देर से शुरू होने, आयुर्वेद, होम्योपैथ, बीएड व डीएलएड कोर्स का परिणाम देरी से निकला। वहीं जनपदीय समितियों ने डाटा लंबित रखा, संस्थाओं की ओर से छात्रों को प्रमाणित कर डाटा आगे नहीं बढ़ाया गया। शासन की सख्ती के बाद छात्रवृत्ति पाने से छूटे छात्रों से दोबारा आवेदन लेकर छात्रवृत्ति लिए जाने का निर्णय लिया गया। फिलहाल छात्र करीब दो वर्षों से छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे हैं।
होली से पहले शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मियों को मिलेगा वेतन
वहीं योगी सरकार ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मियों को होली से पहले वेतन व मानदेय देने का आदेश दिया है। स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने बुधवार को इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश भेज दिया है। बेसिक, माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता निदेशकों के साथ-साथ मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के नाम जारी आदेश में कहा गया है कि दो मार्च को होलिका दहन व चार मार्च को रंगोत्सव पर्व होली से पूर्व अपने कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों जिनमें स्थाई, प्रतिनियुक्ति, आउट सोर्संग, संविदा हवं दैनिक वेतनभोगियों के वेतन या मानदेय का भुगतान कर दिया जाए। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने इसका स्वागत करते हुए बताया कि मार्च के पहले ही सप्ताह में होली को देखते हुए प्रदेश के सभी राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों व मानदेय कर्मियों का फरवरी का वेतन होली से पहले इसी माह के अंत में देने की मांग की गई थीं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इसकी मांग की थीं।




साइन इन