storm alert came panic spread in Muzaffar nagar of Uttar Pradesh people started fleeing their houses यूपी के इस जिले में आंधी-तूफान का अलर्ट आते ही दहशत, मकान खाली कर भागने लगे लोग, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी के इस जिले में आंधी-तूफान का अलर्ट आते ही दहशत, मकान खाली कर भागने लगे लोग

यूपी के मुजफ्फरनगर के एक मुहल्ले में आंधी-तूफान का अलर्ट आते ही दहशत फैल गई है। लोग अपना सामान समेट कर घर छोड़कर भागने लगे हैं। इस मुहल्ले से गुजरा शहर का मुख्य नाला पूरी तरह लबालब हो गया है। इससे मकानों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है।

Thu, 4 June 2026 11:50 PMYogesh Yadav मुजफ्फरनगर, संवाददाता
share
यूपी के इस जिले में आंधी-तूफान का अलर्ट आते ही दहशत, मकान खाली कर भागने लगे लोग

यूपी में मौसम अजब-गजब ही रंग दिखा रहा है। कभी भीषण गर्मी तो कभी बारिश के साथ आंधी-तूफान ने लोगों को परेशान कर दिया है। आंधी-तूफान ने न सिर्फ गांवों में किसानों की मुसीबत बढ़ाई है, शहरों में भी हालत खराब है। पश्चिमी यूपी के मुजफ्फरनगर में फिर से आंधी-तूफान का अलर्ट आया है। अलर्ट आते ही यहां के मोहल्ला पुरानी आबकारी रामलीला टिल्ला पर दहशत फैल गई है। लोग घर खाली कर भाग रहे है। लोगों में फैली दहशत को देखते हुए प्रशासन ने ईओ को मौके पर भेजा है।

दरअसल यहां पर करीब चार माह से नाला खुदा हुआ है। नगर पालिका ने समय रहते नाला निर्माण पूरा नहीं कराया। गुरुवार सुबह बारिश होने पर नाला पानी से पूरी तरह भर गया। इससे नाले किनारे स्थित मकानों के गिरने का खतरा मंडराने लगा है। शाम को मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया मोहल्ले के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने मकान गिरने की आशंका में अपने मकान खाली करने शुरू कर दिए। कई परिवारों ने अपने घर का सामान दूसरों के यहां सुरक्षित रखवा दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एनकाउंटर में ढेर कमलेश चौधरी का शव गांव आते ही बवाल, पथराव, कई गाड़ियां तोड़ी

स्थानीय लोगों का कहना है नाला पिछले चार माह से खुदा हुआ है। यहां निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है, जबकि यह शहर का मुख्य नाला है। इस नाले से करीब आधे शहर के पानी की निकासी होती है। पिछले साल यहां कई घरों में पानी भर गया था। इसके बाद ही इस नाले को बनाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन लापरवाही के कारण नाला निर्माण पूरा नहीं हो पाया।

गुरुवार सुबह बारिश होने पर नाला पूरी तरह पानी से भर गया और नाले के किनारे स्थित भवन स्वामियों को मकान गिरने का खतरा उत्पन्न होने लगा। शाम को मौसम विभाग द्वारा मोबाइल फोन पर आंधी-तूफान बारिश का अलर्ट जारी हो गया। मैसेज आने से लोगों में हड़कंप मच गया। मकान गिरने की आशंका में स्थानीय लोगों ने देर शाम ही अपने मकानों को खाली करना शुरू कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कॉकरोच जनता पार्टी की सदस्यता लेने से मना करने पर बवाल, डॉक्टर को पीटा, दी धमकी

मोहल्ला पुरानी आबकारी निवासी हंसराज जैन, रवि कश्यप, प्रमोद शर्मा, इन्द्रसैन गर्ग, नीटू कश्यप, बिट्टू चौधरी द्वारा रात में अपना मकान खाली कर दिया गया। कई लोगों ने केवल जरूरी सामान निकालकर परिवार के साथ कहीं और सहारा ले लिया है।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के अनुसार इस मामले की अभी जानकारी हुई है। नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह को मौके पर जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नाला निर्माण शीघ्र पूरा कराने को भी कहा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन है पुलिस एनकाउंटर में मारा गया कमलेश चौधरी? 38 दिन पहले ही हुई थी शादी
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।