कौन है पुलिस एनकाउंटर में मारा गया कमलेश चौधरी? 38 दिन पहले धूमधाम से हुई थी शादी
यूपी के गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की हत्या में शामिल कमलेश चौधरी को पुलिस ने बुधवार की रात मार गिराया। कमलेश पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। उसकी शादी 27 अप्रैल को ही धूमधाम से हुई थी।

UP News: यूपी के गाजीपुर में होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की हत्या में शामिल कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को पुलिस ने बुधवार रात मार गिराया। पिछले शुक्रवार की रात विनीत की होटल के बाहर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद पुलिस ने कमलेश पर एक लाख का इनाम घोषित किया था। उसकी शादी 38 दिन पहले ही 27 अप्रैल को बिहार के मोहनिया में मनीषा से धूमधाम से हुईं थी। हत्याकांड के बाद से ही पुलिस मनीषा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। मनीषा जेएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की पढ़ाई कर रही है। कमलेश के बड़े भाई संजय चौधरी की पत्नी गोंडा गांव की ग्राम प्रधान हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कमलेश चौधरी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी समेत सात मुकदमे दर्ज थे। कमलेश वर्ष 2024 के फरवरी में होटल बिंदु में हुई तोड़फोड़, मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना में भी शामिल था। उस मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
कटरा गैंग पर लगा था हत्या का आरोप
अष्टभुजी कॉलोनी निवासी होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की हत्या में 'कटरा गैंग' के सरगना शंकर पांडेय, आलोक दुबे, सोनू यादव के साथ कमलेश चौधरी पर मुकदमा दर्ज किया गया था। हत्याकांड के बाद सभी आरोपी फरार थे। कमलेश चौधरी पर पहले 50 हजार और बाद में इनाम राशि को बढ़कर एक लाख कर दिया गया था।
कुर्था क्षेत्र में बुधवार की रात कमलेश चौधरी के आने की पुलिस को भनक लगी थी। इसके बाद घेरेबंदी की गई दी। कुर्था स्थित आदर्श बाजार से नदी की ओर आते कमलेश चौधरी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में कमलेश और स्वाट टीम के प्रभारी को गोली लगी। अस्पताल में कमलेश को मृत घोषित कर दिया गया।
शंकर के काले धन को संभालता था कमलेश चौधरी
अपराध जगत से जुड़े सूत्रों की माने तो शंकर का दाहिना और बांया हाथ उनके गैंग से जुड़े कमलेश चौधरी और आलोक दूबे है। सूत्र बताते है कि अपराध जगत से अवैध तरीके से अर्जित धन को यहीं दोनों मिलकर ठिकाने लगाते है। कुल मिलाकर शंकर के नाम पर मिलने वाली रंगदारी समेत असलहों व हेरोइन व शराब की तस्करी से मिलने वाले धन को कमलेश और आलोक ही सुरक्षित रखते है। शंकर के नाम पर आने वाले धन से ही कमलेश ने अपनी आर्थिक स्थिति को मजूबत किया है। इन दोनों ने मिलकर अलग-अलग नामों से काले रंग की करीब दो स्कार्पियो गाड़ी भी खरीदी है।
शंकर पांडे पर भी एक लाख रुपये का इनाम
कमलेश के बाद अब विनीत हत्याकांड में वांछित शंकर पांडे पर इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा आलोक दुबे और सोनू यादव पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस की चार टीमें शंकर पांडे, सोनू यादव और आलोक दुबे की तलाश में बिहार समेत कई स्थानों पर दबिश दे रही हैं। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




साइन इन