stepfather of notorious sagar malik murdered over an old rivalry one criminal caught by mob old pradhani chunav ranjish प्रधानी की पुरानी रंजिश में कुख्यात सागर मलिक के सौतेले पिता की हत्या, भीड़ के हत्थे चढ़ा बदमाश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रधानी की पुरानी रंजिश में कुख्यात सागर मलिक के सौतेले पिता की हत्या, भीड़ के हत्थे चढ़ा बदमाश

UP Crime News: बागपत के दोघट कस्बे के धूम सिंह फार्म हाउस में शादी समारोह आयोजित हुआ था। रात करीब एक बजे मंडप की पार्किंग में गोलियां चलने की आवाज आने पर बाराती उधर दौड़े। वहां बारात में आए विक्की उर्फ विवेक खून से लथपथ पड़ा हुआ था। भाग रहा एक आरोपी तारों में उलझकर गिर पड़ा, जिसको भीड़ ने पकड़ लिया।

Wed, 11 March 2026 08:36 PMAjay Singh संवाददाता, बागपत
share
प्रधानी की पुरानी रंजिश में कुख्यात सागर मलिक के सौतेले पिता की हत्या, भीड़ के हत्थे चढ़ा बदमाश

UP News: यूपी के बागपत के दोघट कस्बे में मंगलवार रात बारात में आए शामली के बहावड़ी गांव के पूर्व प्रधान के पति और कुख्यात सागर मलिक के सौतेले पिता की उसके ही गांव के दो युवकों ने गोली बरसाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे एक आरोपी को भीड़ ने पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं, हत्यारोपी का चचेरा भाई अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पत्नी ने दोघट थाने पर अपने ही गांव एक ही परिवार के चार लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि बहावड़ी गांव में ग्राम प्रधान के चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश का इतिहास खूनी रहा है। इस रंजिश में अब तक करीब 10 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। विक्की उर्फ विवेक की हत्या को भी उसी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है।

दोघट कस्बे में मंगलवार रात सतेंद्र की बेटी की बारात शामली जिले के बहावड़ी गांव से आई थी। दोघट कस्बे के धूम सिंह फार्म हाउस में शादी समारोह आयोजित हुआ था। रात करीब एक बजे मंडप की पार्किंग में गोलियां चलने की आवाज आने पर बाराती उधर दौड़े, तो वहां बारात में आए बहावड़ी निवासी पूर्व प्रधान बबली के पति विक्की उर्फ विवेक 42 वर्ष पुत्र वेद सिंह खून से लथपथ पड़ा हुआ था। मौके से भाग रहा एक आरोपी तारों में उलझकर गिर पड़ा, जिसको भीड़ ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पहुंच गई, जिसके बाद पकड़े गए आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंस का चचेरा भाई वारदात को अंजाम देकर भागने में सफल रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी सरकार का बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ा कदम, अप्रैल से नया सिस्टम

सूचना पर दोघट पुलिस के अलावा रमाला व छपरौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। एएसपी प्रवीण कुमार, सीओ बड़ौत अंशु जैन ने मौके पर पहुंचकर घटना जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक पर आरोपी प्रिंस के पिता की हत्या करने का आरोप था। 14 साल जेल में बंद रहने के बाद विक्की उर्फ विवेक जेल से बाहर आया था। इसके बाद प्रिंस ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की दूसरी पत्नी बबली देवी ने अपने ही गांव के प्रिंस, उसके चचेरे भाई रजत, प्रिंस की मां सुनीता व ताऊ लोकेंद्र को नामजद करते हुए घटना का मुकदमा दर्ज कराया है।

आरोपियों की मां और ताऊ पर साजिश रचने का आरोप

मृतक की दूसरी पत्नी बबली ने दोघट थाने पर मुकदमा दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि वह पति विक्की उर्फ विवेक, जेठ सोरन सिंह, रिश्ते के भाई विपिन व अन्य रिश्तेदारों के साथ दोघट बारात में आई हुई थी। विक्की व सोरन आदि खाना खाने के बाद पार्किंग में आपस में बात करने लगे। इसी बीच विक्की पास में खड़ी गाड़ियों के पास से होकर टॉयलेट करने चले गए। उसी समय गांव के ही प्रिंस पुत्र देवेंद्र व यशवीर उर्फ रजत पुत्र जितेंद्र ने प्रधानी चुनाव की रंजिश में विक्की पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। चीख-पुकार सुनकर हम लोग उधर भागे, तो हमारे ऊपर भी फायरिंग की गई। वारदात में विक्की की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप लगाया कि रजत व प्रिंस ने प्रिंस की मां सुनीता व ताऊ लोकेंद्र के कहने पर इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में जानकारी जुटाने में लगी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में इस क्षेत्र में निवेश पर मिलेगी 40 करोड़ तक की छूट, योगी सरकार का ऐलान

दशकों पुरानी चुनावी रंजिश की भेंट चढ़ी एक और जान

बहावड़ी गांव में ग्राम प्रधान के चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश का इतिहास खूनी रहा है। इस रंजिश में अब तक करीब 10 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि सागर मलिक के असली पिता यशपाल की हत्या भी उस समय कर दी गई थी, जब सागर महज डेढ़ वर्ष का था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP में बिजली की नई दरों और स्मार्ट मीटर के दामों पर क्या है तैयारी? जानें अपडेट

यशपाल की हत्या के बाद उनकी पत्नी बबली की शादी मृतक विवेक मलिक (यशपाल के भाई) से कराई गई थी। सागर मलिक ने अपने पिता यशपाल की हत्या का बदला लेने के लिए ही 16 साल की उम्र में पूर्व प्रधान देवेंद्र की मुजफ्फरनगर कोर्ट में हत्या की थी और बाद में 2015 में वकील के भेष में जाकर कुख्यात विक्की त्यागी को भी मौत के घाट उतार दिया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी को लेकर UP में गुस्सा, मौलाना पर केस; प्रदर्शन

क्या बोली पुलिस

बागपत के एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि रंजिश में बहावड़ी गांव के पूर्व प्रधान के पति की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।