सौतेले बाप ने 4 साल की बेटी को मारकर खेत में दफनाया, एक महीने बाद खुला खौफनाक राज
शाहजहांपुर में सौतेले बाप ने चार साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिर शव को खेत में दफना दिया। इस मामले में एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी पिता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एक महीने पहले दफनाई गई बच्ची के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

UP News: यूपी के शाहजहांपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां सौतेले बाप ने चार साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिर शव को खेत में दफना दिया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी पिता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक माह पूर्व दफनाया गया बच्ची का शव गुरुवार को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित के मुताबिक रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने उनसे मिलकर शिकायत की थी कि 10 साल पहले अपने पूर्व पति से तलाक के बाद उसने चार माह पहले अखिलेश नामक व्यक्ति से शादी की थी। अखिलेश पहले पति से हुई उसकी चार साल की बेटी प्रिया को बहुत मारता-पीटता था। महिला का यह भी आरोप है कि अखिलेश उस पर दूसरे मर्दों से संबंध बनाने का दबाव भी डालता था।
एसपी ने बताया कि महिला ने शिकायत में कहा है कि उसके पति अखिलेश ने बीते चार मई को उसकी बेटी प्रिया को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई और इलाज करने के बहाने वह बच्ची को कार में डालकर कांट थाना क्षेत्र में ले गया जहां अपने खेत में उसके शव को दफन कर दिया। महिला का कहना था कि गत 30 मई को वह शिकायत लेकर थाने गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वह उनके पास आई थी।
पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम से पूरे मामले की जांच कराई और उसकी रिपोर्ट पर महिला की ओर से पति अखिलेश समेत नौ लोगों के विरुद्ध बुधवार की रात रिपोर्ट दर्ज की गयी। मामले में अखिलेश तथा उसके पिता सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही दफनायी गयी बच्ची का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बस्ती में नग्न अवस्था में खेत में पड़ी मिली युवक की लाश
उधर, बस्ती जिले के लालगंज थानांतर्गत लालगंज-बानपुर मार्ग पर स्थित मंझरिया गांव के खेत में गुरुवार की सुबह नग्न अवस्था में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर दिख रहे चोट के निशान व उसकी आंखों में गहरा घाव देख लोग हत्या की आशंका जता रहे है। घटनास्थल के पास एक पल्सर बाइक भी खड़ी मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ रुधौली कुलदीप यादव, एसएचओ विनय कुमार पाठक पुलिस टीम संग मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया। मौके पर बरामद बाइक इसी थानाक्षेत्र के देवरांव निवासी एक व्यक्ति की बताई जा रही है। इस गांव में पुलिस टीम ने पहुंचकर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।




साइन इन