जिले में 42.6 डिग्री पहुंचा पारा, दिन भर चली गर्म हवाएं
Sonbhadra News - जिले में 42.6 डिग्री पहुंचा पारा, दिन भर चली गर्म हवाएं :14-राबर्ट्सगंज नगर के बभनौली में टैंकर से पानी लेते रहवासी। सोनभद्र, संवाददाता। जिले में रव

सोनभद्र, संवाददाता। जिले में रविवार को भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। आसमान से बरसती आग, तेज धूप और दिनभर चलती गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम के बढ़ते तेवरों के बीच जिले का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी।शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इसके मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
तापमान में लगातार हो रही वृद्धि ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रविवार सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख नजर आए। सुबह नौ बजे के बाद ही धूप चुभने लगी थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, सड़कों पर गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसाते रहे। दोपहर के समय हालात ऐसे रहे कि जरूरी काम न होने पर लोग घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे। बाजारों, चौराहों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही नजर आई। दोपहर में सड़क पर निकलने वाले लोग सिर पर गमछा, टोपी और छाता लगाए दिखे। कई लोग चेहरे को कपड़े से ढंककर चलते नजर आए। गर्मी से बचने के लिए लोग बार-बार पानी, शरबत और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते रहे। शहर के प्रमुख बाजारों में गन्ने का रस, शिकंजी, लस्सी, नारियल पानी और आइसक्रीम की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर मेहनतकश तबके पर देखने को मिला। दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला चालक, निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कई स्थानों पर मजदूर पेड़ों की छांव या दुकानों के सामने बैठकर राहत लेते नजर आए।रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री पहुंचने से देर रात तक गर्मी और उमस बनी रही। लोगों ने घरों की छतों, आंगनों और खुले स्थानों पर समय बिताकर राहत पाने की कोशिश की। मौसम जानकारों के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं। तापमान अभी और बढ़ सकता है तथा लू का असर जारी रहने की संभावना है।बढ़ते तापक्रम में कैसे रहें स्वस्थवरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि मौसम बदल रहा है ऐसे में हमें थोड़ी सी देखभाल कर अपने आप को स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी में गर्म हवाओं के कारण वातावरणीय तापमान अत्यधिक होने के कारण लू की संभावना ज्यादा बढ़ जाती है, इसलिए खुले में निकलने से परहेज करें। शरीर में पानी की कमी होने लगती है। सिर दर्द भारीपन ऐसे में हमें जीवन रक्षक घोल ओआरएस का सेवन तुरंत प्रारंभ कर देना चाहिए। यदि ओआरएस नहीं है तो साफ पानी में नमक नींबू चीनी का घोल बनाकर तुरंत सेवन करें। धूप में निकलने से पहले भरपूर पानी पिए और पूरे शरीर को ढक कर निकले साथ में यदि आवश्यक हो तो छाता गमछा का प्रयोग करें। एनर्जी ड्रिंक के रूप में आम का पन्ना, नींबू पानी बेल का शरबत, सत्तू का घोल जलजीरा लस्सी दही का सेवन अवश्य करें। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ व सड़े गले फलों का सेवन न करें।गर्मी में कमरों में हवा के आगमन के लिए खिड़की दरवाजे थोड़ा खुला रखें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन