आपके यहां भी लगा है स्मार्ट बिजली मीटर तो फटाफट कर लें ये काम, नहीं तो अपने आप कट जाएगा कनेक्शन
बरेली की बात करें तो यहां अब तक 1,05,232 से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 95,960 मीटर कंवर्जन के बाद ऑटोमैटिक प्रीपेड सिस्टम में बदल चुके हैं। इसमें से 74,840 उपभोक्ताओं पर करीब 23 करोड़ 77 लाख रुपये बिजली निगम का बकाया है।

UP News: यूपी में स्मार्ट मीटर ने बिजली उपभोक्ताओं ने नींद उड़ा रखी है। अभी तक बिल नहीं जमा होने पर विभाग की तरफ से नोटिस भेजा जाता, इसके बाद बिजली कनेक्शन काटा जाता था, लेकिन अब बिल माइनस होने पर खुद ब खुद बिजली का कट जाएगा। शुक्रवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने सभी स्मार्ट मीटरों को लाइव कर दिया है। ऐसे में निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के लिए संकट खड़ा हो गया है। जिनके स्मार्ट मीटर का बैलेंस माइनस होगा अब उनका कनेक्शन खुद कट जाएगा।
बरेली की बात करें तो यहां अब तक 1,05,232 से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 95,960 मीटर कंवर्जन के बाद ऑटोमैटिक प्रीपेड सिस्टम में बदल चुके हैं। इसमें से 74,840 उपभोक्ताओं पर करीब 23 करोड़ 77 लाख रुपये बिजली निगम का बकाया है। इन उपभोक्ताओं को पास निगेटिव बैलेंस का मैसेज भी पहुंच रहा है। स्मार्ट मीटर लाइव होने से अब ऐसे उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन स्वत: ही बंद हो डाएगा।
रिचार्ज के बाद तीन से चार घंटे तक का लग सकता है समय
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वह अपने खाते को समय-समय पर रिचार्ज कराकर बैलेंस को सकारात्मक बनाए रखें। रिचार्ज यूपीपीसीएल की वेबसाइट, मोबाइल एप, भीम, फोनपे, गूगल पे आदि डिजिटल माध्यमों से घर बैठे किया जा सकता है। विभागीय काउंटरों पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है। निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की बिजली कभी भी ऑटोमेटिक कट सकती है। इसके बाद रिचार्ज करने के तीन से चार घंटे तक का समय लग जाता है। वहीं विभागीय काउंटर के माध्यम से कराने पर बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल की जा रही है। मुख्य अभियंता ने सभी उपभोक्ताओं से पर्याप्त राशि में रिचार्ज कराने की अपील की है।
मॉर्निंग रेड में 10 घरों में पकड़ी 30 किलोवाट की बिजली चोरी
वहीं दूसरी ओर बरेली में बिजली चोरी रोकने के लिए अधीक्षण अभियंता नगर के निर्देश पर कई क्षेत्रों में टीम बनाकर मॉर्निंग रेड शनिवार को डाली गई। इस दौरान 10 घरों में कुल 30 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधीक्षण अभियंता नगर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अधिशासी अभियंता एचआर एवं रेड वर्टिकल, अधिशासी अभियंता कॉमर्शियल वर्टिकल प्रथम व द्वितीय तथा अधिशासी अभियंता 11 केवी व 33 केवी ने अपनी टीमों के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की।
माइनस बैलेंस वाले 40 हजार बिजली उपभोक्ताओं के कटे थे कनेक्शन
स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था लागू होते ही शुक्रवार को प्रदेश में कम से कम 40 हजार बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन खाता ऋणात्मक होने की वजह से शुक्रवार को कट गए थे। कई जगहों पर भुगतान के बावजूद बिजली कनेक्शन स्वत: न जुड़ पाने की भी शिकायतें मिली थीं। यूपी में 70 लाख से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड में काम कर रहे हैं और इनमें से 50 लाख से ज्यादा का खाता माइनस है। पावर कॉरपारेशन ने तीन दिन पहले ही स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था लागू करने की घोषणा की थी। इसके तहत स्मार्ट मीटर का सर्वर लाइव किया गया है। पावर कॉरपोरेशन ने स्मार्ट मीटरों के खाते की रकम बनाए रखने की अपील की थी और ऐसा न करने पर कनेक्शन कटने की चेतावनी दी थी। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जैसे ही सर्वर लाइव किया गया उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटना शुरू हो गए। देर रात तक कनेक्शन कटने का सिलसिला जारी था। जानकारी के मुताबिक बिजली कटने के बाद कई उपभोक्ताओं ने सीएससी सेंटर पर भुगतान कर दिया है, लेकिन अभी तक भुगतान आरएमएस सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ है। इसकी वजह से उनकी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही है। उपभोक्ता खासे परेशान हैं।




साइन इन