यूपी में इन जिलों के 6 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी, मुख्य सचिव ने दिए ये निर्देश
यूपी में बुलंदशहर, जौनपुर, गाजीपुर, जालौन, चित्रकूट और गोरखपुर में छह सड़क परियोजनाओं को मानकों को ढीला कर मंजूरी प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने कई निर्देश भी दिए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में बुलंदशहर, जौनपुर, गाजीपुर, जालौन, चित्रकूट और गोरखपुर में छह सड़क परियोजनाओं को मानकों को ढीला कर मंजूरी प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं का क्रियान्वयन उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
इन स्वीकृत परियोजनाओं के तहत बुलंदशहर में 2491.00 लाख रुपये की लागत से एनएच-334सी (गाजियाबाद-बुलंदशहर जीटी रोड) से प्रस्तावित 75 मीटर चौड़ी एनएचएआई लिंक रोड, जो एनएच-334सी और एनएच-334(अलीगढ़ मेरठ मार्ग) को जोड़ती है, तक 30 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग (कनेक्टिंग रुट) का नव निर्माण एवं विकास किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 2.450 किमी है।
जौनपुर में 525.46 लाख रुपये से त्रिकोलिया अखण्डनगर मार्ग के किमी-19 से सीबीजी (कम्प्रेस्ड बायो गैस) प्लांट गैरवाह तक पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई 2.435 किमी है। वहीं जालौन में 4088.95 लाख रुपये की लागत से कालपी तहसील में रेलवे लाइन के पास इन्डस्ट्रियल एरिया कांशीराम कालोनी होते हुए काशीखेड़ा तक किमी एक से 7 व 8 का नव निर्माण किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई-7.4 किमी है।
गाजीपुर में अन्धऊ-चौकियां बाईपास मार्ग निर्माण
गाजीपुर में 8513.67 लाख की लागत से अन्धऊ-चौकियां बाईपास मार्ग निर्माण का कार्य (ग्रीन फील्ड), कुल लम्बाई-3.900 किमी का नव निर्माण किया जाएगा। चित्रकूट में 450 लाख रुपये की लागत से नवीन थाना सरधुवा को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए एक किमी लम्बे पहुंच मार्ग का नव निर्माण किया जाएगा। गोरखपुर में 9645.25 लाख रुपये की लागत से गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पहुंच मार्ग के लिए 2.665 किमी लम्बाई के 4 लेन मार्ग का नव निर्माण किया जाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी आदि उपस्थित थे।




साइन इन