यूपी के इस जिले में एक ही दिन में छह लाशें मिलने से सनसनी, केवल दो की हुई पहचान, यह आशंका
यूपी के एक जिले में एक ही दिन में छह लाशें मिलने से सनसनी फैल गई है। इनमें से अभी केवल दो पहचान हो सकी है। इनमें एक दिल्ली का रहने वाला बताया गया है। कुछ की शराब पीने से मौत की आशंका जताई गई है।

यूपी के मेरठ में एक ही दिन में छह लाशें मिलने से सनसनी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को यह लाशें बरामद हुई हैं। इनमें से कुछ शराब पीने के कारण मारे गए, जबकि कुछ लोगों की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। इनमें से केवल दो की ही पहचान हो सकी है। एक दिल्ली से लापता बुजुर्ग का शव बताया जा रहा है। इन सभी मामलों में पुलिस को जांच का आदेश दिया गया है। जिनकी पहचान नहीं हुई है, उनकी पहचान करने के लिए टीमों को लगाया गया है।
रजवाहे की झाड़ियों में फंसा मिला अधेड़ का शव
मवाना-हस्तिनापुर बॉर्डर स्थित रजवाहे में बुधवार सुबह ग्रामीणों को एक शव पुलिया के नीचे झाड़ियों में फंसा हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी संबंधी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पंचगांव के महेश का निकला हसनपुर कलां में मिला शव
किठौर में हसनपुर कलां के ग्रामीणों ने गंगा ढाबे की दीवार के पास अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। माछरा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तत्पश्चात शव की शिनाख्त 52 वर्षीय महेश तोमर पुत्र अर्जुन सिंह निवासी पंचगांव पट्टी अमरसिंह थाना भावनपुर के रूप में हुई। इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना के अनुसार महेश शराब का आदी था। प्रथम दृष्टया मौत गर्मी में शराब के अधिक पीने से होना प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह पता चल सकेगी।
दिल्ली से नौ दिन से लापता रेहड़ा चालक का शव सकौती में मिला
इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे किनारे रूहासा कट के पास खाई में एक शव मिला। पुलिस ने मृतक के पास मिले कागजात की मदद से पहचान दिल्ली के थाना गोकुलपुरी के भगीरथी विहार निवासी 55 वर्षीय परवेज पुत्र सुलेमान के रूप में की। फोन पर बातचीत के दौरान मृतक के परिजनों ने बताया कि परवेज आसपास की दुकानो पर रेहड़े से सामान भरकर मजदूरी करता था। 18 मई की सुबह वह रेहड़ा लेकर घर से निकला था, लेकिन शाम को घर नहीं पहुंचा। परवेज के लापता होने की गोकुलपुरी थाने पर जानकारी दी गई थी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
गंगनहर में मिली युवक की लाश
पूठखास गंगनहर पुल पर बुधवार को ग्रामीणों को गंगनहर में लाश दिखाई दी। ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार शव बहता हुआ भोला क्षेत्र की ओर पहुंच गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच जाती तो शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा सकता था। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जैननगर मंदिर के पास नाले में मिला सड़ा-गला शव
रेलवे रोड थाना क्षेत्र के जैननगर मंदिर के पास बुधवार को नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र 35 से 40 साल लग रही है और शव करीब आठ से दस दिन पुराना बताया जा रहा है। लंबे समय तक नाले में पड़े रहने से शव सड़-गल चुका है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है। रेलवे रोड थाना प्रभारी विजय कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और परिस्थितियों पर स्थिति साफ हो सकेगी।
खाली प्लॉट में मिला युवक का शव
सरधना रोड स्थित कैलाश विहार कॉलोनी में मंगलवार शाम खाली प्लॉट में करीब 32 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया।




साइन इन