Horrific accident in UP A fleeing dumper, after crushing a cyclist, overturns on an e-rickshaw killing six people यूपी में भीषण हादसा; साइकिल सवार को रौंदने के बाद भाग रहा डंपर ई रिक्शा पर पलटा, छह की मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में भीषण हादसा; साइकिल सवार को रौंदने के बाद भाग रहा डंपर ई रिक्शा पर पलटा, छह की मौत

बांदा में बुधवार की देर रात भीषण हादसा हुआ है। साइकिल सवार को रौंदने के बाद भाग रहा डंपर ई रिक्शा पर पलट गया। इससे छह लोगों की मौत हो गई। बिसंडा क्षेत्र के लौली रोड पर दर्दनाक घटना हुई है। चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Thu, 28 May 2026 06:11 AMYogesh Yadav बांदा, संवाददाता
share
यूपी में भीषण हादसा; साइकिल सवार को रौंदने के बाद भाग रहा डंपर ई रिक्शा पर पलटा, छह की मौत

बिसंडा थाना क्षेत्र में लौली रोड पर बुधवार शाम एक खूनी डंपर ने छह लोगों की जान ले ली। मौरंग से ओवरलोड डंपर ने पहले साइकिल सवार रिटायर्ड शिक्षक को रौंदा। ग्रामीणों ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो चालक ने डंपर को दौड़ा दिया। बेकाबू डंपर ने आगे जाकर ई रिक्शा को टक्कर मारने के बाद उसी पर पलट गया। हादसे में रिटायर्ड शिक्षक और ई रिक्शा सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को पीएचसी बिसंडा भेजा गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर जाम लगाते हुए नो एंट्री लगाए जाने की मांग की है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट की ‘फुल इमरजेंसी’ अलर्ट, सुरक्षित लैंडिंग

पुलिस ने बताया कि कस्बा बिसंडा में लौली रोड पर मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल से जा रहे घूरी गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक 62 वर्षीय रामेश्वर पुत्र राम आधार को टक्कर मार दी। इसमें रामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की तो चालक ने डंपर को दौड़ा दिया। ग्रामीणों के पीछा करने पर बेकाबू डंपर बिसंडा से अपने गांव कोर्रही जा रहे ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी और उसी पर पलट गया। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने लोगों को निकालना शुरू किया।

पुलिस और एंबुलेंस को भी घटना की जानकारी दी गई। कुछ देर में ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में ई रिक्शा सवार कोर्रही गांव निवासी 40 वर्षीय नबील पुत्र सरीफ, 12 वर्षीय शहबाज पुत्र पीरू, 48 वर्षीय ममता पत्नी मुन्ना, 45 वर्षीय राकेश पुत्र लोटन को मृत घोषित कर दिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:घर-घर बिजली चेकिंग अभियान बना बवाल, महिलाओं ने खोला मोर्चा, बुलानी पड़ी पुलिस

कोर्रही निवासी 45 वर्षीय सबाना पत्नी पीरू, तीन माह की साफिया पुत्री पीरू, 55 वर्षीय सोहन लाल पुत्र रामलाल, 25 वर्षीय शिवकली पुत्री सोहन लाल, 50 वर्षीय बउरी पत्नी सोहनलाल घायल हैं। सभी को गंभीर हालत को देखते हुए पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोहन लाल ने दम तोड़ दिया। एएसपी शिवराज ने बताया कि हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। चालक की तलाश की जा रही है, जबकि डंपर को कब्जे में ले लिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अगले दस दिनों तक कई ट्रेनें गोरखपुर जंक्शन नहीं जाएंगी, कुछ भटनी-मऊ तक ही चलेंगी
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।