मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर और तकदीर- दिनेश खटीक
Shamli News - उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश ने 12 वर्षों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। योजनाओं जैसे पीएम किसान सम्मान निधि, जनधन, और आयुष्मान भारत ने लाखों लोगों को लाभान्वित किया है।

उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में देश की केवल तस्वीर ही नहीं, बल्कि तकदीर भी बदली है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में जनता ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताकर यह साबित कर दिया कि देश अब वादों के बजाय काम पर भरोसा करता है।
उन्होंने कहा कि आज एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है और सरकार का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। दिनेश खटीक ने बताया कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत करोड़ों शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया गया है। पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और कारीगरों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है। वहीं लखपति दीदी योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होने ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेल, हवाई और सिंचाई क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से लाखों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ, जिससे गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। इस अवसर पर एमएलसी विरेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक तेजेन्द्र निर्वाल, डीएम आलोक यादव, एसपी एनपी सिंह, सीडीओ बृजेन्द्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन