पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बीच शामली में पेट्रोल की किल्लत
Shamli News - शामली में ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव के चलते गैस और पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि हो रही है। पेट्रोल की कमी के कारण वाहन चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई कम आ रही है, जिससे पेट्रोल खत्म हो गया है। इससे खाद्य सामग्री के दाम भी बढ़ने की आशंका है।

शामली। ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव तथा अंतरराष्ट्रीय हालातों के चलते गैस के दामों में वृद्धि के बाद अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने लगी है। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित होने से क्षेत्र में पेट्रोल की किल्लत भी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को शहर के अजंता चौक स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म हो जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेट्रोल लेने पहुंचे लोगों को बिना तेल के वापस लौटना पड़ा। कई वाहन चालक दूसरे पेट्रोल पंपों की ओर भटकते नजर आए।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि ऊपर से ही पेट्रोल की सप्लाई कम आ रही है। अजंता चौक स्थित पेट्रोल पंप संचालक प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही पेट्रोल की बुकिंग करा दी थी, लेकिन शुक्रवार दोपहर तक भी सप्लाई की गाड़ी नहीं पहुंच सकी। जिसके चलते पंप पर पेट्रोल समाप्त हो गया।उधर, पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों ने पहले ही लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वाहन चालक मुरसलीन, दिनेश कुमार, वाशु धीमान का कहना है कि ईंधन महंगा होने से रोजमर्रा के खर्च में इजाफा हो रहा है। वहीं ट्रांसपोर्ट महंगा होने से बाजार में खाद्य सामग्री, सब्जी, दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पेट्रोल की नियमित आपूर्ति नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं केंद्र सरकार द्वारा ईंधन की खपत कम करने के लिए लोगों से अनावश्यक यात्रा कम करने और संसाधनों का सीमित उपयोग करने की अपील भी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन