यूपी में सनसनीखेज मर्डर: रात को टहलने निकले भतीजे को तलवार से काटा, चाचा पर फरसे से हमला
झांसी में बिजली चले जाने के कारण रात को टहलने निकले चाचा-भतीजे पर हमलावरों ने जानेलवा हमला बोल दिया। भतीजे को तलवार से काटकर मौत के घाट उतार दिया जबकि चाचा को भी मरणासन्न हालत में कर डाला।

Jhansi Murder: यूपी के झांसी से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार-शनिवार की रात ग्वालियर रोड शिवानी होटल तिराहे पर कुछ हमलावरों ने भतीजे और चाचा पर हमला बोल दिया। बिजली चले जाने के चलते दोनों सड़क पर टहलने निकले थे। हमलावरों ने भतीजे को तलवार से काटकर मौत के घाट उतार दिया। जबकि चाचा पर फरसे से हमला कर मरणासन्न कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने होटल मालिक समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आधी रात को हुई घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पाल कॉलोनी शिवानी होटल के पीछे रहने वाले गौरीशंकर कुशवाहा के घर पर शुक्रवार रात 11.50 बिजली चली गई। वह अपने चाचा नईबस्ती निवासी मुरारी लाल के साथ होटल के पास लगी डीपी देखने गए थे। पत्नी सुमन कुशवाहा ने बताया कि वहां पहले से घात लगाए बैठे चिराग, सौरभ, रिंकू, शेर सिंह हाथों में तलवार-फरसा लहराते हुए गाली-गलौज करने लगे। होटल मालिक आनंद के कहने पर इन लोगों ने गौरीशंकर पर तलवार को हमला कर दिया। उनकी गर्दन और कान पर कई बार वार किए। जिससे वह लहूलुहान हो वहीं ढेर हो गए। जबकि चाचा मुरारी लाल पर फरसे से हमला कर दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानलेवा बन गई एक साल पहले की रंजिश
दोनों मरणासन्न छोड़ हमलावर तलवार-फरसा लहराते हुए भाग गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मौका-मुआयना किया। घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज झांसी भिजवाया। जहां गौरीशंकर की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि मुरारी की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतक की बेटी ईशा कुशवाहा ने बताया कि घर में मंदिर है। यहां शराब पीकर लोग बाथरूम करते थे। जिसको लेकर एक साल पहले मारपीट थी। इसी रंजिश को लेकर पापा को तलवार को काटकर मौत के घाट उतारा है। जबकि बाबा की हालत गंभीर है। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। अग्रिम आवश्यक विधिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। घटना से संबंधित कुछ संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बिजली नहीं जाती तो बच सकती थी जान
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इन दिनों झांसी में भीषण गर्मी पड़ रही थी। बिजली कटौती भी लगातार हो रही है। रात में भी बिजली चली गई थी। बिजली चले जाने के कारण ज्यादातर लोग घरों से निकल कर सड़क पर टहलने के लिए निकल जाते हैं। शुक्रवार की रात भी ऐसा ही हुआ। गौरीशंकर अपने चाचा मुरारी लाल के साथ टहलने के लिए निकल गए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि होटल तिराहे पर उनकी जान के दुश्मन पहले से ही बैठे हैं। अगर बिजली न जाती तो वह घर से नहीं निकलते और उनकी जान बच सकती थी।




साइन इन