सीतापुर से लापता छात्रा का 12 दिन बाद लखनऊ में मिला कंकाल, सहेली का भाई हिरासत में
महेश कुमार के मुताबिक उनकी बेटी मांसी BSc की छात्रा थी। बीते 25 मई को कॉलेज गई थी। देर शाम तक वह घर लौटकर नहीं आई तो आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन की पर उसका कुछ पता नहीं चला था। परिवारवाले बेटी के कॉलेज भी गए लेकिन वहां भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

UP Crime News : उत्तर प्रदेश के सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र से 12 दिन से लापता बीएससी छात्रा का कंकाल शनिवार को लखनऊ बीकेटी के महिपतपुर स्थित जंगल में मिला। शव जानवर खा गए। शव की पहचान पास में पड़े छात्रा के कपड़े और चप्पल से हुई। संदना पुलिस, छात्रा की सहेली के भाई की निशानदेही पर मौके पर पहुंची। बेटी का कंकाल देख परिवार वालों के होश उड़ गए। छात्रा के पिता का आरोप है कि नामजद तहरीर देने के तीन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज करने के बाद भी पुलिस ने तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। तंग आकर परिवार वाले एक जून से ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए थे। तब जाकर पुलिस हरकत में आई। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की होती तो शायद उनकी बेटी जिंदा होती। संदना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
संदना निवासी महेश कुमार के मुताबिक उनकी बेटी मांसी (उम्र 20 साल) बीएससी की छात्रा थी। बीते 25 मई को कॉलेज गई थी। देर शाम तक वह घर लौटकर नहीं आई तो आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन की पर उसका कुछ पता नहीं चला था। परिवार के लोग बेटी के कॉलेज भी गए लेकिन वहां भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पिता महेश ने संदना के सरैया के रहने वाले विशाल पाल और उसकी बहन शिवानी पाल के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी थी। आरोप है कि पुलिस ने तीन दिन बाद 28 मई को पुलिस ने विशाल और शिवानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी से पूछताछ कर छोड़ दिया।
पांच दिन धरने पर बैठा था परिवार
छात्रा के पिता महेश का आरोप है कि पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। परेशान होकर परिवार वाले ग्रामीणों के साथ मिलकर एक जून को धरने पर बैठ गए थे। शुक्रवार को मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बेटी को एक-दो दिन में बरामद कर लेने का भरोसा देते हुए प्रदर्शन खत्म करने को कहा था। शनिवार की सुबह संदना पुलिस टीम उन्हें लेकर लखनऊ के बीकेटी स्थित जंगल पहुंची। वहां एक कंकाल पड़ा हुआ था। पास में पड़े कपड़े और चप्पल से कंकाल की शिनाख्त बेटी मांसी के रूप में की।
क्या बोली पुलिस
वहीं थाना प्रभारी संदना का कहना है कि आरोपी विशाल पाल की निशानदेही पर मांसी के कंकाल की शिनाख्त की गई है। आरोपी विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टर्माटम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।




साइन इन