धूप और गर्म हवाओं से परेशान हो रहे लोग
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले में पिछले एक सप्ताह से गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ रहा है। तेज धूप के कारण लोग घरों से कम बाहर निकल रहे हैं। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को धूप में न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में पिछले एक सप्ताह से जिले में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आसमान से आग बरस रही है और तेज धूप के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोग गर्मी से बेहाल हैं और जरूरी काम होने पर ही वह घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर में सड़कें सूनी हो जा रहीं हैं। विशेषज्ञ भी दोपहर में घर से न निकलने की सलाह दे रहे हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और थकान के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और सिर को ढंककर बाहर जाने की सलाह दी है। सुबह 10 बजे के बाद ही धूप इतनी तेज हो जा रही है कि सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे छाता, टोपी और गमछे का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। स्कूली बच्चे भी तेज गर्मी से परेशान हैं और छुट्टी के बाद जल्दी घर पहुंचने की कोशिश करते दिखते हैं। गर्मी का असर पशुओं पर भी साफ देखा जा रहा है। वे छांव में बैठ कर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। दिन भर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा कर रख दे रही है। राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन पंखे और कूलर भी गर्म हवा ही दे रहे हैं, जिससे लोगों को खास राहत नहीं मिल पा रही है।नरेन्द्र देव कृषि विवि कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. सीताराम मिश्र ने बताया कि इस सप्ताह गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने के आसार हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन