फिर चढ़ा पारा, 42 डिग्री पर पहुंचा तापमान, लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल
- गुरुवार की राहत के बाद शुक्रवार को मौसम ने फिर दिखाए तेवरफिर चढ़ा पारा, 42 डिग्री पर पहुंचा तापमान, लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल

लखीसराय, कार्यालय संवाददाता। जिले में एक बार फिर गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को जहां हल्के बादलों और हवा के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, वहीं शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए फिर से तपिश बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। शुक्रवार की सुबह 10 बजे से ही धूप इतनी तेज हो गई कि लोगों को बाहर निकलते ही जलन महसूस होने लगी। दोपहर होते-होते स्थिति और भी भयावह हो गई। तेज गर्म हवाएं चलने लगीं, जिसने लू का रूप ले लिया।
सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई और बाजारों में भी अपेक्षाकृत सन्नाटा देखने को मिला। जरूरी काम से बाहर निकले लोग सिर ढककर और चेहरे को कपड़े से ढंककर चलते नजर आए।---------दिहाड़ी मजदूरों की बढ़ रही है परेशानी : भीषण गर्मी का असर बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग पर सबसे अधिक पड़ रहा है। खेतों में काम करने वाले किसान और दिहाड़ी मजदूर तेज धूप में काम करने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। डॉक्टरों ने भी लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। नगर क्षेत्र में भी गर्मी के कारण पेयजल की खपत बढ़ गई है। कई स्थानों पर पानी की समस्या भी सामने आने लगी है। वहीं पशु-पक्षी भी इस भीषण गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। ----------अगले सप्ताह तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना:मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। यदि यही स्थिति बनी रही तो पारा 43-44 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है, ताकि इस भीषण गर्मी से बचाव किया जा सके। चिकित्सकों ने भी लोगों को सेहत भरे भोजन, तला-भूना कम व सादा हल्का व ताजा भोजन करने की सलाह दी ताकि बीमार होने से बचा जा सके। वहीं घर से बाहर निकलने पर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की भी सलाह दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन