तीखी धूप से बिगड़ी सेहत,डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़े
Mau News - मऊ जिले में अप्रैल महीने में जून जैसी गर्मी का प्रकोप जारी है। अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामलों में तेजी आई है। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं और छांव में राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

मऊ, संवाददाता। जिले में इन दिनों अप्रैल माह ही जून जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आसमान से आग बरस रही है और तेज धूप के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोग गर्मी से बेहाल हैं और जरूरी काम नहीं होने पर घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वहीं एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 40 से 44 तो न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है। शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 44.1 और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
हवा की रफ्तार 27 किलोमीटर प्रति घंटा रही। सुबह-शाम भी लोग घरों से बाहर निकलते समय सिर ढंककर चल रहे हैं। दोपहर के समय प्रमुख मार्गों पर सन्नाटे की स्थिति रही।लगातार बढ़ती गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और थकान के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और सिर को ढककर बाहर जाने की सलाह दी है। सुबह 10 बजे के बाद ही धूप इतनी तेज हो जा रही है कि सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे छाता, टोपी और गमछे का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। स्कूली बच्चे भी तेज गर्मी से परेशान हैं और छुट्टी के बाद जल्दी घर पहुंचने की कोशिश करते दिखते हैं। गर्मी का असर पशुओं पर भी साफ देखा जा रहा है। वे छांव में बैठे राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। दिनभर चलने वाली गर्म हवा ने लोगों को झुलसा कर रख दिया है। राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन पंखे और कूलर भी गर्म हवा ही दे रहे हैं, जिससे लोगों को खास राहत नहीं मिल पा रही है। शहर के प्रमुख बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता है। आजमगढ़ मोड़, सहादतपुरा, मुंशीपुरा, सिंधी कालोनी, सदर बाजार में दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते नजर आते हैं। भीटी चौराहे पर दिहाड़ी मजदूर काम नहीं मिलने के कारण छांव में बैठे दिखे। वहीं टैक्सी स्टैंड पर भी यात्रियों की संख्या में कमी देखी गई है। कुल मिलाकर भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन