VIDEO: रेलिंग से टकराकर 10 फीट ऊपर उठा ट्रेलर का पिछला हिस्सा, बाल-बाल बची नीचे से गुजरी बोलेरो
चित्रकूट में रेलिंग से टकराकर एक ट्रेलर फुटबाल की तरह ऊपर उठ गया। इसी दौरान एक बोलेरो सड़क से गुजर रही जो बाल-बाल बच गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश चित्रकूट में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वाल्मीकि नदी के रपटे की रेलिंग में टकराते ही तेज रफ्तार ट्रेलर का पिछला हिस्सा जिस तरह से फुटबाल की तरह ऊपर को उछला और उसी वक्त सामने से आ रही बोलेरो उसके नीचे से गुजरी, यह देखकर शायद हर शख्स की रुह कांप जाएगी। बोलेरो सवारों की तो एकबारगी धड़कनें ही जैसी बंद हो गई थी। सुरक्षित बचने के साथ बोलेरो सवार यही कहते रहे कि उनको तो भगवान ने ही बचा लिया।
यह हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र स्थित लालापुर के समीप वाल्मीकि नदी के रपटे में शनिवार की शाम हुआ। इस हादसे की तस्वीर समीप में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया में हादसे का वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि ऐसे किसी वायरल वीडियो की आपका अपना समाचार पत्र हिन्दुस्तान पुष्टि नहीं करता है। बताते हैं कि झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे में प्रयागराज की तरफ से तेज रफ्तार ट्रेलर आ रहा था। उसी दौरान कर्वी की तरफ से जा रही बोलेरो ट्रेलर को क्रास करने वाली थी। अचानक ट्रेलर का अगला हिस्सा नदी के रपटे में बनी रेलिंग से टकराया।
इसके साथ ही जोरदार झटका लगा और ट्रेलर का पिछला हिस्सा करीब 10 फीट ऊपर फुटबाल की तरफ उठ गया। इसी बीच क्रास कर रही बोलेरो ऊपर उठे टे्रलर के पिछले हिस्से के नीचे से गुजर गई। गनीमत रही कि ट्रेलर का पिछला हिस्सा बोलेरो के ऊपर नहीं आया। ऐसा होने से बड़ा हादसा हो सकता था। बोलेरो के गुजरने के साथ ही पल भर में ट्रेलर का पिछला हिस्सा हाईवे में रख गया। इसके साथ ही ट्रेलर के इंजन के पीछे वाला एक टायर भी फट गया। वाल्मीकि नदी में नहा रहे लोग पूरा दृश्य देखकर दंग रह गए। बोलेरो सवारों ने तत्काल किनारे अपना वाहन रोका। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पाकर थाना पुलिस भी पहुंच गई।
हाईवे में ट्रेलर के खड़े होने से लगा रहा जाम
ट्रेलर के टकराने से रपटे की रेलिंग टूट गई। इसके साथ ही पूरा ट्रेलर हाईवे में तिरछा खड़े हो जाने से आवागमन प्रभावित हो गया। दोनो तरफ से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हादसा लोगों की जुबानों पर चर्चा का विषय बना रहा। लोग यही कहते रहे कि बोलेरो सवारों को तो भगवान ने ही बचा लिया। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह ट्रेलर को हाईवे से हटवाया। इसके बाद देर शाम आवागमन चालू हो सका।
बोले जिम्मेदार
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया, अनियंत्रित ट्रेलर वाल्मीकि नदी के रपटे की रेलिंग से टकराया था। अचानक ट्रेलर को पिछला हिस्सा ऊपर को उठ गया। इसी दौरान सामने से आ रही बोलेरो गुजर रही थी। बहुत बड़ा हादसा होने से बचा है। जानकारी पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके में पहुंची थी।




साइन इन