आंधी-बारिश से दस घंटे बिजली गुल, जगह-जगह जलभराव
Rampur News - रामपुर में आंधी-बारिश से तापमान 5 डिग्री सेल्सियस गिर गया है। बारिश के कारण जलभराव हो गया और बिजली गुल हो गई। मौसम विभाग ने दो-तीन दिन तक गर्मी से राहत की संभावना जताई है। शनिवार की बारिश से मुख्य मार्गों में जलभराव और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।

रामपुर। आंधी-बारिश से जिले का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, बारिश के कारण शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और अंदरूनी गलियों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा करीब दस घंटे तक बिजली भी गुल हो गई। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर सोमवार को बादल छाए रहने के आसार हैं। जिले में शनिवार देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। रविवार को भी शाम को बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, जो रविवार को पांच डिग्री गिरकर 36.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
मौसम विभाग के अनुसार, दो-तीन दिन अभी गर्मी से राहत मिलेगी। दिनभर बादल छाए रहेंगे।
मुख्य मार्गों और गलियों में जलभराव, टूटे पेड़
शनिवार की शाम मात्र एक घंटे की बारिश के कारण शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और अंदरूनी गलियों में जलभराव हो गया। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, बारिश और तेज हवाओं के चलते शाहाबाद रोड समेत कई इलाकों में पेड़ और उनकी भारी टहनियां टूटकर सड़कों और गिर गईं, जिससे आवागमन भी बाधित हुआ।
कीचड़ और मच्छरों का बढ़ा प्रकोप
बारिश थमने के बाद जिले के अधिकांश देहात क्षेत्रों की सड़कों और गलियों में कीचड़ होने से आने-जाने वाले लोगों को मुश्किलों से गुजरना पड़ा। मौसम में नमी होते ही शहर समेत देहात क्षेत्रों में भी मच्छरों का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के झुंड पनपने लगे। लोगों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है।
बिजली गुल होने से लोग रहे परेशान
रामपुर। रामपुर में शनिवार की शाम आई आंधी के बाद गुल हुई बिजली देर रात तक नहीं आई, जिससे कई इलाकों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछेक इलाकों में रात दस बजे के बाद बिजली चालू की गई। बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंधी से पनवड़िया, सिविल लाइंस और नाहिद बिजलीघर के इलाकों में लाइनों में ब्रेक डाउन हो गया था, जिसके चलते सिविल लाइंस के साथ ही ज्वाला नगर, कृष्णा विहार, राजद्वारा, नवाब गेट, तिलक नगर कालोनी, शाहबाद गेट समेत पूरे शहर की बिजली गुल हो गई थी। आंधी थमने के बाद बिजली कर्मियों ने मरम्मत का कार्य शुरू किया। रात करीब दस बजे ज्वाला नगर की बिजली चालू हुई, लेकिन शहर का आधा इलाका देर रात तक अंधेरे में डूबा रहा। नवाब गेट एरिया क्षेत्र के दर्जनों मौहल्लों समेत अन्य कई इलाकों में देर रात तक बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे। इसके अलावा शाहबाद गेट, डूंगरपुर इलाके में भी आधी रात के बाद बिजली चालू हुई।
शनिवार की शाम आई आंधी-बारिश में लोकल फाल्ट होने के कारण शहर के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। आंधी-बारिश रुकते ही बिजली कर्मियों ने मरम्मत का कार्य शुरू दिया था। अब पूरे शहर की बिजली नार्मल हो गई है।
अनुराग सिंह, एक्सईएन
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन