छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर; 3 की मौत, अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदल गया है। छत्तीसगढ़ में 5 दिन तक आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई गई है। शनिवार को कोरबा के पाली में 3 युवकों की मौत हो गई जबकि कई इलाकों में तापमान गिरा है।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन तक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी दी है। बदलते मौसम के दौरान कोरबा जिले के पाली में एक पेड़ की डाल गिरने से 3 युवकों की मौत हो गई।
रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिन के दौरान गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी और बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
60 तक की स्पीड में चलेंगी हवाएं, बारिश भी होगी
IMD ने अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ जगहों पर वज्रपात की घटनाएं भी देखी जा सकती हैं।
कुछ जगहों पर गिर सकते हैं ओले
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान ही गरज चमक और आंधी के साथ कुछ जगहों पर ओले भी गिरने की संभावना जताई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में 5 दिन आंधी बारिश वाला मौसम
मौसम विभाग की मानें तो अगले 5 दिन तक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश वाला मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज चमक और बारिश के दोरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है।
कोरबा जिले में 3 की मौत
इस बीच कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े 3 युवकों पर पेड़ की भारी डाल गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायपुर, सरगुजा और पेंड्रा सहित कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गयी।
दुर्ग छत्तीसगढ़ का सबसे गर्म स्थान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग छत्तीसगढ़ का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन वजहों से बिगड़ा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश तट तक एक द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है। यह राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से लक्षद्वीप क्षेत्र तक ऊपरी वायुमंडल में एक अन्य ट्रफ एक्टिव है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ रही है। इससे आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक; बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। अगले 2 दिनों के दौरान तापमान में और 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। अगले 5 दिनों तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन