weather suddenly changed in several districts including Lucknow rain accompanied by winds दिन में हो गया अंधेरा; लखनऊ समेत कई जिलों में अचानक बदला मौसम; तेज हवाओं के साथ बारिश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

दिन में हो गया अंधेरा; लखनऊ समेत कई जिलों में अचानक बदला मौसम; तेज हवाओं के साथ बारिश

लखनऊ समेत आसपास के जिलों में रविवार शाम तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश से मौसम सुहावना हो गया। कई इलाकों में बिजली गुल रही, लेकिन लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के चलते लखनऊ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

Sun, 31 May 2026 04:39 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान
share
दिन में हो गया अंधेरा; लखनऊ समेत कई जिलों में अचानक बदला मौसम; तेज हवाओं के साथ बारिश

लखनऊ समेत आसपास के जिलों में रविवार को दोपहर करीब 4 बजे तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने लगी। दिन में रात जैसा माहौल बन गया। काले बादलों की गड़गड़ाहट के बीच शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल हो गई। कई दिनों से लखनऊ में गर्मी का कहर जारी थी। रात भी गर्म हो रही थी। लेकिन आज झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से बड़ी निजात मिली है। इससे पहले आंधी-बारिश और बादलों की आवाजाही ने शहर को गर्मी से राहत दी है। लगातार दूसरे दिन भी शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी लखनऊ के अनुसार आज भी तेज हवा के साथ बारिश का पूर्वानुमान था।

बीते 3 दिनों से गिर रहा पारा

शनिवार को अधिकतम तापमान में 6.1 डिग्री की गिरावट हुई। यह 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.0 डिग्री कम 24.5 दर्ज किया गया। आईएमडी लखनऊ के अनुसार, इस समय मौसम में बदलाव की मुख्य वजह मध्य पाकिस्तान के ऊपर बना चक्रवाती हवाओं का घेरा (चक्रवाती परिसंचरण) है, जिससे होकर आंध्र प्रदेश के तट तक एक ट्रफ लाइन जा रही है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली पुरवा हवाएं निचले वायुमंडल में जमा हो रही हैं।

लखनऊ समेत कई जिलों में येलो अलर्ट

वहीं मौसम विभाग के अनुसार वेस्ट यूपी के कई इलाकों में इसका प्रभाव रविवार को कमजोर पड़ जाएगा लेकिन जहां बना रहेगा उनमें लखनऊ शामिल है। मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश में जारी आंधी और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह से अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप निकलती रही। हवा में नमी बढ़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

2 जून से फिर से बदलेगा मौसम, चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग का कहना है कि 1 जून को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश, बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी। हालांकि 2 जून से मौसम फिर करवट लेगा और तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं जताई गई है।

आंधी और बारिश के प्रभाव से प्रदेश का तापमान तेजी से नीचे आया है। बीते तीन दिनों में कई जिलों में पारा करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। जहां कुछ दिन पहले बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में थे, वहीं अब मौसम सुहावना हो गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।