UP Weather: यूपी में चार दिन तक होगी बारिश, 40 जिलों में अलर्ट, आंधी और ओलावृष्टि की भी चेतावनी
यूपी में अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते लखनऊ समेत 40 जिलों में शनिवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

UP Weather Update: यूपी में एक बार फिर मौसम करवट लेगी। अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते लखनऊ समेत 40 जिलों में शनिवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि आज 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च की देर शाम से पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर शुरू होगा जो एक मार्च तक जारी रहेगा। साथ ही सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं के आसपास इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, लद्रलतपुर, एवं आसपास के इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में 10 जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में लखनऊ समेत करीब 10 जिलों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। जिन जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, गोरखपुर, बिजनौर, सहारनपुर, शामली, प्रयागराज, मेरठ, मऊ, मुजफ्फरनगर, सोनभद्र और वाराणसी सहित अन्य जिले शामिल हैं। प्रशासन ने किसानों और आम जनता को सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर खुले स्थानों पर न रहने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
सीतापुर में फसलों को भारी नुकसान, सरसों भीगी, गेहूं गिरा
यूपी के सीतापुर जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण सरसों और गेहूं की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। बारिश के चलते खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल भीग गई, जबकि पकने की स्थिति में पहुंच चुकी गेहूं की फसल तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर जमीन पर गिर गई। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है। उपनिदेशक कृषि श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि जिले में लगभग सवा दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती की गई है, जबकि सरसों की बुवाई भी बड़े पैमाने पर हुई थी। सरसों की कटाई तेजी से चल रही थी और गेहूं की फसल पकने के अंतिम चरण में थी, तभी मौसम ने करवट ले ली।
फसल के नुकसान पर क्या बोले कृषि वैज्ञानिक
कटिया कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दयाशंकर के अनुसार, बारिश से भीगी सरसों की फलियां सूखने पर आपस में चिपक जाती हैं, जिससे दाने गिरकर खराब हो जाते हैं। वहीं, तेज हवा से गिरे गेहूं में दोबारा नमी आने पर अंकुरण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है, जिससे उपज की गुणवत्ता और मात्रा दोनों प्रभावित होंगी। किसानों ने बताया कि कटाई के बाद खेतों में पड़ी सरसों के भीगने से नुकसान तय है। ऐसे में उन्हें अपनी फसलों की लगातार निगरानी करनी पड़ रही है। इसी तरह प्रयागराज में भी आंधी बारिश से गेहूं और सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। लगभग 20 मिनट तक हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ किसानों ने सरसों की फसल काटकर मड़ाई के लिए घरों या बागवानी क्षेत्रों में रखी थी, जिसे बचाने के प्रयास विफल रहे और फसलें भीग गईं।




साइन इन