फील्ड में उतरें यूपी के सभी डीएम, फसल बर्बादी पर सख्त दिखे सीएम योगी, मुआवजे को लेकर दिए निर्देश
सीएम योगी ने कहा, किसानों का हित सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान का त्वरित आकलन कर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी फसल नुकसान का तत्काल कराएं।

UP Government Order: बेमौसम बारिश से चौपट हुई फसलों के बाद सीएम योगी सख्त नजर आए। सीएम योगी ने किसानों की बर्बाद हुई फसल की जानकारी ली और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। साथ ही सभी डीएम को फील्ड में उतरने को कहा।
सीएम योगी ने कहा, किसानों का हित सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान का त्वरित आकलन कर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी फसल नुकसान का तत्काल कराएं। संयुक्त सर्वे कराकर फसल नुकसान की स्थिति से शासन को अवगत कराएं, जिससे किसानों का तत्काल मुआवजा दिलाया जा सके।
किसानों के साथ खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। आपदा में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और सुनिश्चित करें कि किसान को अनावश्यक परेशानी न हो।मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराएं, जिससे किसानों को समय पर उचित सहायता मिल सके।
किसानों को तत्काल दिलाएं मुआवजा
मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव (कृषि) राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया कि फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों से सीधा संपर्क और समन्वय बनाए रखें। सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, जिससे राहत कार्यों में देरी न हो। मुख्यमंत्री का इस बात पर भी विशेष जोर रहा कि फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भुगतान व्यवस्था समयबद्ध ढंग से हो, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
टोल-फ्री नंबर 14447 पर दें फसल के नुकसान की जानकारी
वहीं दूसरी ओर सरकार ने किसानों के लिए टोल फ्री नंबर जारी कर दिया है। इस टोल-फ्री नंबर (KRPH) 14447 पर किसान फसल नुकसान की तत्काल सूचना दे सकते हैं। प्रदेश में संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति की सूचना देने तथा योजनाओं के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए किसानों को विभिन्न डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। अब किसान फसल नुकसान की तत्काल सूचना देने या जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री नंबर (KRPH) 14447 का प्रयोग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, 'क्राप-इन्श्योरेन्स ऐप' (Crop-Insurance-App) और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7065514447 के माध्यम से भी सूचना साझा की जा सकती है। कृषक योजनाओं से संबंधित आधिकारिक जानकारी के लिए फसल बीमा पोर्टल https://pmfby.gov.in पर भी लॉग-इन कर सकते हैं।




साइन इन