Raid on SP Leader Resort Lucknow 88 LPG Cylinders Found Amidst Gas Shortage Bolero Maxi Truck Also Recovered लखनऊ में सपा नेता के रिसॉर्ट पर छापा, गैस किल्लत के बीच मिले 88 LPG सिलेंडर, बोलेरा मैक्सी ट्रक भी बरामद, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लखनऊ में सपा नेता के रिसॉर्ट पर छापा, गैस किल्लत के बीच मिले 88 LPG सिलेंडर, बोलेरा मैक्सी ट्रक भी बरामद

यूपी के कई शहरों में इस समय गैस की किल्लत चल रही है। इसको लेकर कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। लखनऊ में सपा नेता के रिसॉर्ट पर प्रशासन की टीम ने छापा मारा। वहां से 88 गैस सिलेंडर पकड़े।

Sun, 15 March 2026 10:09 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
लखनऊ में सपा नेता के रिसॉर्ट पर छापा, गैस किल्लत के बीच मिले 88 LPG सिलेंडर, बोलेरा मैक्सी ट्रक भी बरामद

UP News: पूरा प्रदेश इस समय गैस किल्लत से जूझ रहा है। प्रशासन गैस किल्लत की कालाबाजारी करने वालों पर नजर भी रख रही है। गैस किल्लत के बीच पुलिस-प्रशासन की टीम ने लखनऊ में गैस की बड़ी कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट में प्रशासन सप्लाई विभाग ने छापामार मारा। इस दौरान रिसॉर्ट से अवैध गैस रिफिलिंग मिलती पाई गई। छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट परिसर से 88 गैस सिलेंडर और बोलेरो मैक्सी ट्रक बरामद किया गया। एजेंसी प्रोपेराइटर, मैनेजर, रिसॉर्ट मालिक समेत कई लोगों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है। रिसॉर्ट सपा नेता सोनू कनौजिया का बताया जा रहा है। सपा नेता अपनी पत्नी मंजू के नाम से एक गैस एजेंसी भी चलाता है।

डीएसओ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गैस कालाबाजारी की सूचना पर छापेमारी के लिए एक टीम का गठन किया गया। रविवार को सपा नेता के रिसॉर्ट पर दबिश दी गई तो वहां बोलेरो मैक्सी ट्रक में बड़ी मात्रा में सिलेंडर मिले। पूछताछ करने बाद एजेंसी के दस्तावेज नहीं दिखाए गए और न ही गाड़ी के बारे में कोई सही जानकारी मिली। इसके बाद प्रशासनिक जांच में सभी सिलेंडर अवैध पाए गए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया और काकोरी थाने में सपा नेता, उनकी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई। बतादें कि सपा नेता सोनू कनौजिया की पत्नी मंजू कनौजिया के नाम से एक गैस एंजेसी चलती है। उसी की आड़ में सपा नेता रिसॉर्ट में गैस की कालाबाजारी कर रहा था। सोनू कनौजिया मलिहाबाद विधानसभा से सपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LPG Crisis: गैस की किल्लत के बीच 76 सिलेंडर चोरी से हड़कंप, गोदाम का ताला तोड़ा

हमीरपुर में बसपा नेता के पुत्र की गैस एजेंसी के स्टॉक में गड़बड़झाला

वहीं दूसरी ओर हमीरपुर में डीएम के निर्देश पर सक्रिय हुई जिला पूर्ति विभाग की टीम ने रविवार को सुमेरपुर ब्लॉक में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान बसपा नेता के पुत्र की गैस एजेंसी में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई। एजेंसी के स्टॉक में करीब 100 सिलेंडर कम पाए गए, जिनकी कालाबाजारी की आशंका जताई गई है। कुल चार जगह हुई कार्रवाई में 18 सिलेंडर जब्त कर जिला पूर्ति अधिकारी ने डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में इलाज करवाना हुआ महंगा, LPG और पेट्रोल के बाद अब प्लास्टिक के दाम बढ़े

ज्यादा पैसा लेकर दिए जा रहे थे सिलेंडर

जिला पूर्ति अधिकारी ब्रजेश कुमार शुक्ला ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज सिंह, पूर्ति निरीक्षक कमल सिंह और अभय उपाध्याय की टीम के साथ सुरौली बुजुर्ग स्थित इंडेन गैस एजेंसी में छापा मारा। उन्होंने बताया कि एजेंसी में करीब 100 सिलेंडर स्टॉक में कम मिले। साथ ही उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी नहीं दी जा रही थी और अधिक पैसा लेकर सिलेंडर दिए जा रहे थे। यह एजेंसी बसपा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके रामफूल निषाद के पुत्र विवेक के नाम पर है। टीम ने पत्योरा गांव में भी कार्रवाई की। यहां कुलदीप निषाद के सीएससी सेंटर से 11 और आटा चक्की संचालक प्रदीप निषाद के कारखाने से सात सिलेंडर बरामद किए गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने को 2554 स्थानों पर ताबड़तोड़ रेड; 8 अरेस्ट

अफसरों को भ्रमित करने के लिए जला रखी थी लकड़ी की भट्ठी

जांच में सामने आया कि इन सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग की जा रही थी और इन्हें सुरौली की एजेंसी से ही मिलने की आशंका है। चौथी कार्रवाई सुमेरपुर के दिव्या स्वीट हाउस में की गई। संचालक ने अफसरों को भ्रमित करने के लिए बाहर लकड़ी की भट्ठी जला रखी थी। शक होने पर टीम ने अंदर निरीक्षण किया तो तीन घरेलू और तीन कॉमर्शियल सिलेंडर मिले। यहां घरेलू सिलेंडर से भट्ठी चलाई जा रही थी और उन्हें कॉमर्शियल सिलेंडर में रिफिल किया जा रहा था। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि चारों मामलों की रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।