पुष्पा स्टाइल में पंजाब से बिहार शराब की तस्करी, यूपी पुलिस को इस जिले में बड़ी कामयाबी
बिहार में शराब की बहुत डिमांड है। सरकार ने वहां शराब बंद कर रखी है। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए तस्करों ने पंजाब से बिहार तक अपना जाल बिछा रखा है। उन्हें शराब लेकर जाने में बहुत मुनाफा होता है। पंजाब में कई शराब फैक्ट्री हैं, जो आर्डर तैयार कर देती हैं।

Liquor Smuggling : बिहार में शराब बंदी से बेपरवाह तस्करों ने तस्करी का बड़ा नेटवर्क तैयार कर लिया है। पुष्पा फिल्म के चर्चित अंदाज़ में पंजाब से बिहार भारी मात्रा में शराब तस्करी हो रही है। तस्करों के इस जाल को तोड़ने में यूपी के आगरा में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आगरा कमिश्नरेट पुलिस ने एक ही दिन में 85 लाख रुपये की शराब पकड़ी है। एत्मादपुर थाना पुलिस ने 606 पेटी शराब पकड़ी। इस खेप के साथ दो आरोपित पकड़े गए। वहीं, ट्रांसयमुना पुलिस ने 305 पेटी शराब पकड़ी। यहां एक आरोपित पकड़ा गया। पुलिस को पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े कई आरोपियों के नाम पता चले हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि एत्मादपुर पुलिस ने 12 चक्का ट्रक को रोका। उसमें जेनरेटर रखा था। उसके खोल को खोलकर देखा गया तो अंदर शराब की पेटियां छिपी मिलीं। पुष्पा स्टाइल में पंजाब से बिहार शराब ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से अमृतसर निवासी जगतार सिंह और सुखपाल सिंह (तरन तारण) को पकड़ा। उन्होंने बताया कि बिहार में शराब की बहुत डिमांड है। सरकार ने वहां शराब बंद कर रखी है। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए तस्करों ने शराब की डिमांड पूरी करने के लिए अपना जाल बिछा रखा है। पंजाब से बिहार शराब लेकर जाने में उन्हें बहुत मुनाफा होता है। पंजाब में कई शराब फैक्ट्री हैं, जो आर्डर तैयार कर देती हैं। सस्ते ब्रांड ज्यादा बिकते हैं। डीसीपी ने बताया कि पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
वहीं, ट्रांसयमुना पुलिस ने मिर्च के बोरे ले जा रहे ट्रक को पकड़ा। बोरों के नीचे और अंदर शराब की पेटियां छिपी हुई मिलीं। मौके से जालौर, राजस्थान निवासी मूलाराम को पकड़ा गया। उसने पूछताछ में बताया कि उसे वेस्टन पेरीफेरल बहादुरगढ़ के पास गाड़ी दी गई थी। पटना, बिहार लेकर जानी थी। गैंग के सदस्य सत्तार, आबिद, राहुल, सोनू जाट, इजराइल, अनिल कुमार लगातार व्हाट्सएप कॉल पर संपर्क पर थे।
उससे कहा गया था कि पटना पहुंचने पर पता चल जाएगा कि माल किसे देना है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये है। एक ही दिन में 85 लाख की शराब पकड़ने के बाद पुलिस को तस्करी से जुड़े कई लोगों के नाम पता चले हैं। इसे पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। यह भी खुलासा हुआ कि लगभग हर दिन भारी मात्रा में बिहार के लिए शराब जाती है।




साइन इन