यूपी में रसोई गैस सिलेंडरों के लिए बढ़ा इंतजार, ईरान-इजराइल युद्ध का असर; इन जिलों में लगी कतार
यूपी के कई शहरों में गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतार लग रही है। कुछ जगहों पर लाइन लगने और नोकझोंक की सूचना है। इन घटनाओं को देखते हुए लखनऊ में जिलाधिकारी ने तेल कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों और गैस वितरकों को तलब कर मांग और आपूर्ति के बारे में पूछा।

Iran-Israel War: ईरान-इजराइल युद्ध का असर एलपीजी पर दिखने लगा है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और मेरठ आदि शहरों में गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतार लग रही है। उपभोक्ताओं की कर्मचारियों से नोकझोंक शुरू हो गई है। मंगलवार को लखनऊ के लालबाग स्थित एक गैस एजेंसी में उपभोक्ता ने खूब हंगामा किया। कहा कि, छोटी होली से सिलेंडर के लिए चक्कर काटने को मजबूर है। कई अन्य स्थानों पर लाइन लगने और नोकझोंक की सूचना है। इन घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने तेल कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों और गैस वितरकों को तलब कर मांग और आपूर्ति के बारे में पूछा। साथ ही कहा कि किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया है कि सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रत्येक एआरओ अपने क्षेत्र में एजेंसियों की जांच करें।
लालबाग स्थित सहकारी गैस सर्विस में चार घंटे से कतार में लगे राजेश सोनकर का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने गैस एजेंसी संचालक को खूब खरी खोटी सुनाई। एक अन्य उपभोक्ता मो. सलमान ने कहा कि रजमान चल रहे हैं ऐसे में गैस खत्म हो जाए तो परेशानी बढ़ना लाजमी है। बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। यही दिक्कत लाइन में लगे मुन्ना ने भी बताई। उनके घर में सिलेंडर खत्म हो गया है। बुकिंग कराने के बावजूद भी सिलेंडर अब तक नहीं मिला।
दोपहर बाद एजेंसियों की जांच शुरू
जिलाधिकारी विशाख जी, एडीएम सिविल सप्लाई ज्योति गौतम और डीएसओ ने तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक की। इस दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक क्षेत्र में जिला अपूर्ति विभाग के एक अधिकारी संबंधित अपर नगर मजिस्ट्रेट या एसडीएम के साथ एजेंसियों का स्टॉक चेक करेंगे। कालाबाजारी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही तेल कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कमी नहीं होनी चाहिए। बैठक में तेल कंपनियों की ओर से कहा गया है कि गैस सिलेंडर पर्याप्त हैं। होली की वजह से कर्मचारी छुट्टी पर गए थे इसलिए थोड़ी वेटिंग बढ़ गई है। सप्लाई में अभी कोई कमी नहीं है।
कानपुर में दो दिन से कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति ठप
शहर में पिछले दो दिनों से कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति ठप है। सामान्य दिनों में शहर में रोजाना करीब सात हजार कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति होती है। फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। बस बुकिंग अब 15 दिनों की बजाए 25 दिन में हो रही है।
गोरखपुर में भी मुश्किलें बढ़ीं
कमर्शियल सिलिंडर पर रोक के बाद होटल और रेस्टोरेंट संचालक मुश्किल में है। प्रमुख रेस्टोरेंट आधी क्षमता से संचालित हो रहे हैं। रेस्टोरेंट और होटल संचालक नए ऑर्डर नहीं ले रहे हैं। वहीं घरेलू सिलेंडर के लिए गैस गोदाम से लेकर एजेंसी पर ग्राहकों की लंबी भीड़ दिख रही है। गैस एजेंसियों और गोदामों पर भोर से ही लोग लाइन लगा रहे हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कंपनियों से प्रतिदिन होने वाली सिलिडर की डिलिवरी और स्टाक की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
मेरठ: कॉमर्शियल गैस की सप्लाई ठप
सहारनपुर-बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों पर रोक लगा दी गई है। सहारनपुर में गैस संकट गहरा गया है, एजेंसियों और गोदामों पर लंबी कतारें लगी हैं, होटल-रेस्टोरेंट की पाइपलाइन सप्लाई बंद दी गई है। फोन और ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो रही है, किताब लेकर एजेंसी पहुंचने पर ही सिलेंडर दिया जा रहा है। दिनभर गैस गोदामों पर भारी भीड़ जुटी रही, कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। मेरठ में जिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी ने एलपीजी की आपूर्ति सामान्य होने की बात कही है हालांकि, गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ी है। ऐसे उपभोक्ता भी सिलेंडर भरवाने पहुंच रहे हैं जो काफी समय से सिलेंडर नहीं ले रहे थे।




साइन इन