2027 के चुनावों में भाजपा का सारा तिकड़म निकाल देगी जनता, बीजेपी विधायक के बयान पर अखिलेश का तंज
भाजपा विधायक श्याम प्रकाश के बयान का वीडियो 'एक्स' पर साझा करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, भाजपा में जितना अधिक बेईमान व्यक्ति होता है, वह उतना ही ऊंचा पद पाता है।

Akhilesh Yadav News: 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप लगाने का दौर और तेज हो गया। विपक्ष आए दिन सत्तापक्ष को घेरने में लगा है तो वहीं सरकार भी लगाकार विपक्ष को जवाब दे रही है। इसी बीच भाजपा विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसको लेकर अब अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोल दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यदव ने भाजपा पर अनैतिक तरीकों से चुनाव जीतने का आरोप लगाया और दावा किया कि लोग भविष्य के चुनावों में पार्टी की राजनीतिक चालों को नाकाम कर देंगे। अखिलेश ने यह बात भाजपा विधायक श्याम प्रकाश के शनिवार के एक बयान के जवाब में कही।
भाजपा विधायक श्याम प्रकाश के बयान का वीडियो 'एक्स' पर साझा करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, भाजपा में जितना अधिक बेईमान व्यक्ति होता है, वह उतना ही ऊंचा पद पाता है। उन्होंने कहा, भाजपा बेईमानी से चुनाव जीतती है, इस बात को स्वीकार करके भाजपा के विधायक ने भ्रष्ट भाजपाई राजनीति का एनकाउंटर कर दिया है, साथ ही उसके ऊपर बुलडोज़र भी चलवा दिया है। सपा प्रमुख ने यह सवाल भी किया कि देखते हैं कि भाजपा इस विधायक के बयान पर कैसे प्रतिक्रिया देगी। उन्होंने कहा, अब देखना होगा कि क्या इस भाजपा विधायक को पार्टी से निकाला जाएगा या अगले मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। यादव ने दावा किया कि मतदाता भाजपा को 2027 के चुनावों में खारिज कर देंगे। यादव ने दावा किया इस बार जनता भाजपा की सारी तिकड़म निकाल देगी। भाजपा हारेगी और फिर कभी नहीं आएगी।
क्या बोले थे भाजपा विधायक श्याम प्रकाश
हरदोई जिले के गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रकाश ने कहा था कि चुनाव विकास से नहीं, तिकड़म से जीते जाते हैं। टड़ियावां ब्लॉक में प्रधानों के कार्यकाल में छह माह की वृद्धि होने पर शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा, 'चुनाव केवल विकास कार्यों के आधार पर नहीं जीते जाते। राजनीतिक तिकड़म और रणनीति भी अहम भूमिका निभाती है।' प्रकाश ने प्रधानों से आगामी पंचायत चुनाव की तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा, 'साम, दाम, दंड, भेद जो भी तिकड़म कर पाना कर लेना, लेकिन अगला चुनाव जीतना है।' विधायक श्याम प्रकाश ने कहा, ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे भाजपा सरकार का प्रधानों पर से विश्वास उठ जाए। सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।




साइन इन