फर्जी मुकदमे लगवाने वाले, बुलडोजर से घर ढहाने वाले, अब लौटकर नहीं... अखिलेश का किस पर निशाना?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर कविता पोस्ट कर यूपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई, आरक्षण, पीडीए, शिक्षकों, आशा-आंगनबाड़ी, पत्रकारों और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी कविता पोस्ट कर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। अपनी कविता में उन्होंने बिना किसी का नाम लिए सरकार की नीतियों, प्रशासनिक कार्यशैली और विभिन्न मुद्दों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
अखिलेश यादव ने कविता की शुरुआत ‘काला चश्मा लगाकर आनेवाले’ पंक्ति से की और इसके बाद एक-एक कर सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने झूठे मुकदमे दर्ज कराने, बुलडोजर से घर-दुकान गिराने, बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को परेशान करने तथा पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने जैसे आरोपों का जिक्र किया।
कविता में उन्होंने वाराणसी के मणिकर्णिका घाट, अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज, शिक्षकों से भूसा दान जुटाने, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं तथा शिक्षामित्रों के मानदेय जैसे मुद्दों को भी उठाया। इसके अलावा उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में कटौती, सांप्रदायिकता फैलाने और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग पर अत्याचार के आरोप भी लगाए।
सपा प्रमुख ने कविता के माध्यम से सरकार पर प्रचार-प्रसार पर अधिक ध्यान देने और जनता की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि जनता को केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
कविता की अंतिम पंक्ति ‘अब हैं जानेवाले, लौटकर न आनेवाले’ सबसे अधिक चर्चा में है। इसे आगामी चुनावों को लेकर सपा के राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव ने इस कविता के जरिए सरकार के खिलाफ जनभावनाओं को मुद्दा बनाते हुए राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की है।
अखिलेश यादव की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। समर्थक और विरोधी दोनों ही इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कविता के माध्यम से किया गया यह हमला आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकता है, जिसके जरिए सपा जनता के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास कर रही है।
इससे पहले हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल के गिरने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हादसे को लेकर बीजेपी और सरकार पर निशाना साधा थासपा मुखिया ने कहा कि जो पुल हवा से टूट जा रहे हैं उन पर जब ट्रैफिक चलेगा तो क्या होगा ये सोचकर ही डर लगता है.




साइन इन