नाले से गैस निकाल कर चाय बनाने चले थे छात्र, पुलिस वाले उठा ले गए चूल्हा और सिलेंडर, केस दर्ज
एलपीजी सिलेंडर किल्लत को लेकर वाराणसी में एनएसयूआई ने रविवार को नाले पर टेबल, गैस चूल्हा रखकर नाले से पाइप जोड़ दिया। सूचना पर पहुंची सिगरा पुलिस ने सारा सामान जब्त करते हुए दो को पकड़ा। यातायात बाधित करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में छह नामजद समेत अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया।

LPG Crisis: एलपीजी सिलेंडर की रेट महंगे और किल्लत को लेकर यूपी के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी क्रम में वाराणसी में जब एनएसयूआई के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करना चाहा तो पुलिस वालों ने एक्शन लेते हुए उनका सामान जब्त कर लिया। दरअसल, रसोई गैस की किल्लत को लेकर एनएसयूआई ने रविवार को काशी विद्यापीठ मार्ग पर नाले पर टेबल, गैस चूल्हा रखकर नाले से पाइप जोड़ दिया। सूचना पर पहुंची सिगरा पुलिस ने सारा सामान जब्त करते हुए दो को पकड़ा। यातायात बाधित करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में छह नामजद समेत अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया। पकड़े गए छात्रनेताओं का चालान कर दिया।
एनएसयूआई की ओर से काशी विद्यापीठ के गेट नंबर एक के पास नाले की गैस से चूल्हा जलाने की कोशिश के तौर पर विरोध किया जाना था। इस पर पुलिस पहले से वहां तैनात थी। सिगरा इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि प्रकरण में ऋषभ पांडेय, आशीष मौर्या, रंजीत सेठ, किशन निगम, भरतलाल निगम, जतिन पटेल समेत अन्य पर केस दर्ज किया गया है। किशन और भरत लाल का शांति भंग में चालान हुआ।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक वीडियो में पुलिस और छात्रों के बीच बहस हो रही है। जिसमें पुलिस अफसर कह रहे हैं कि आपके इस कृत्य से यातायात बाधित हो रही है। इस पर एक छात्र कह रहा है कि हम नाले पर खड़े हैं। वहीं, पुलिस अफसर छात्रों को हटाने के लिए सख्त लहजे में कह रहे हैं कि आप हटिए यहां से...इसके बाद जबरदस्ती युवकों को वहां से हटा दिया जाता है। वहीं, एक अन्य वायरल वीडियो में पुलिस सिलेंडर, केतली समेत अन्य सामान उठाकर अपने सरकारी गाड़ी में रखते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो शेयर कर लोगों ने वाराणसी पुलिस कसा तंज
सोशल मीडिया पर दोनों वीडियो वायरल हो रही हैं। साथ लोग इसे लेकर वाराणसी पुलिस पर तंज भी कस रहे हैं। एक्स (ट्विटर) पर एक यूजर ने लिखा, 'सिगरा थाने की पुलिस सिलेंडर और चाय की केतली जब्त करके ले जाती हुई। कुछ युवक सड़क के किनारे नाले की गैस से चाय बनाने वाला प्रदर्शन कर रहे थे । पुलिस ने इन्हे रोका और इनसे खाली सिलेंडर और चाय की केतली जब्त करके थाने ले गए । पुलिस वाले भी ये सब करके हंस रहे थे और सोच रहे ये क्या कर रहे है हम , चाय की केतली भला कोई जब्त करता है।' वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, 'PM मोदी की टेक्नोलॉजी का उपयोग करने से रोकना गलत बात है।' लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने भी वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा, 'एक जोकर ने पूरे देश को सर्कस बना दिया है। पुलिस अधिकारी- आप सड़क मार्ग बाधित कर रहे हैं। देश का युवा- हम नाले से गैस निकाल रहे हैं।'




साइन इन