अपर्णा यादव से अनबन की चर्चा पर खुद प्रतीक ने लगाया था ब्रेक, कहा था- ऑल इज वेल
मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के बीच कुछ समय पहले अनबन की भी बातें सामने आई थीं। इस पर अपर्णा ने तो कुछ नहीं कहा था, लेकिन खुद प्रतीक ने ऑल इज वेल कहकर चर्चाओं पर ब्रेक लगा दिया था।

भाजपा नेत्री और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के अचानक निधन से मुलायम सिंह यादव के परिवार को बड़ा सदमा लगा है। राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक यादव पिछले दिनों अचानक अपर्णा से अनबन की चर्चाओं को लेकर सुर्खियों में आए थे। हालांकि बाद में खुद प्रतीक ने अनबन की खबरों पर विराम लगाते हुए 'ऑल इज वेल' (सब कुछ ठीक है) का संदेश दिया था।
जब सियासी गलियारों में उड़ी थी अनबन की खबर
कुछ महीने पहले यह चर्चा तेज हुई थी कि अपर्णा यादव के भाजपा में सक्रिय होने और पारिवारिक कार्यक्रमों में अकेले दिखने के बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई हैं। इन खबरों को तब और बल मिला जब अपर्णा यादव की कुछ महत्वपूर्ण तस्वीरों या पोस्ट्स में प्रतीक यादव नजर नहीं आए। उस दौरान कयास लगाए जा रहे थे कि क्या इस हाई-प्रोफाइल कपल के बीच सब कुछ ठीक नहीं है?
अपर्णा पर प्रतीक ने लगाए थे कई आरोप
प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव पर कई आरोप लगाए थे। इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था कि अपर्णा ने उनके हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। उन्होंने अपर्णा को 'फैमिली डिस्ट्रॉयर' (परिवार तोड़ने वाली) और 'सेल्फिश' (स्वार्थी) तक कह दिया था। कहा था कि अपर्णा ने उनके पारिवारिक रिश्तों में दरार डाली और परिवार के सदस्यों के बीच दूरियां पैदा कीं।
प्रतीक यादव ने यह भी कहा था कि अपर्णा का पूरा ध्यान खुद को मशहूर और प्रभावशाली बनाने पर है। उन्हें दूसरों की भावनाओं या परिवार की कोई परवाह नहीं है। तब प्रतीक ने अपने अपने मानसिक स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए कहा कि वह काफी समय से बहुत कठिन दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन उनकी पत्नी ने कभी उनका साथ नहीं दिया और न ही उनकी स्थिति को समझने की कोशिश की। कहा था कि अपर्णा केवल अपने बारे में सोचती हैं।
हालांकि कुछ समय बाद यह पोस्ट डिलीट हो गई। इसके बाद प्रतीक ने एक छोटा संदेश लिखा कि "All is Good" (सब ठीक है)। प्रतीक ने एक अन्य पोस्ट में कहा था कि "राजनीतिक व्यस्तताओं के कारण अपर्णा अक्सर बाहर रहती हैं, लेकिन परिवार में सब कुछ ठीक है।"
अपर्णा यादव 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद से ही परिवार में आंतरिक कलह की बातें कही जा रही थीं। मुलायम सिंह परिवार में अपर्णा अकेली ऐसी सदस्य हैं जो भाजपा में हैं।




साइन इन