Aparna Yadav s husband Prateek Yadav passes away major blow to the Mulayam Singh Yadav family अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, मुलायम सिंह परिवार को बड़ा सदमा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, मुलायम सिंह परिवार को बड़ा सदमा

भाजपा नेता और मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

Wed, 13 May 2026 08:30 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, मुलायम सिंह परिवार को बड़ा सदमा

उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक कुनबे मुलायम सिंह यादव के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है। प्रतीक को तबीयत खराब होने के बाद लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रतीक की हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज से मौत की बात कही जा रही है। मौत के कारणों का खुलासा करने के लिए पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा। चार डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रतीक के निधन की खबर से लखनऊ से लेकर सैफई तक हर कोई सन्न है। अस्पताल में परिवार और समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है।

डाक्टरों के अनुसार 38 वर्षीय प्रतीक यादव को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उन्हें अस्पताल लाते ही मृत घोषित कर दिया गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार प्रतीक पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले भी प्रतीक को गंभीर हालत में लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 3 दिन बाद थोड़ा आराम मिलने के बाद घर आ गए थे।

बुधवार की भोर में अचानक उनकी तबीयत खराब होने पर सुबह छह बजे उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कुछ देर बाद ही उनका शव एंबुलेंस से पोस्मार्टम हाउस के लिए रवाना कर दिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रतीक पत्नी अपर्णा को नहीं देंगे तलाक! इंस्‍टा पर नई पोस्‍ट कर लिखा- ऑल इज गुड

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव इस समय उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और सक्रिय राजनीति में हैं। लेकिन प्रतीक मुख्यधारा की सक्रिय राजनीति से दूर रियल एस्टेट व फिटनेस के व्यवसाय से जुड़े थे। लखनऊ में उनका जिम 'द फिटनेस प्लैनेट' प्रसिद्ध है। पिछले दिनों अपर्णा यादव से तलाक की खबरों के बाद प्रतीक यादव चर्चा में आए थे। हालांकि बाद में अपर्णा और प्रतीक के बीच सबकुछ ठीक होने की बात सामने आई थी।

स्कूल के दिनों में हुई अपर्णा और प्रतीक की दोस्ती कुछ समय बाद प्यार में बदल गई और दोनों ने दिसंबर 2011 में शादी कर ली थी। प्रतीक ने लीड्स यूनिवर्सिटी लंदन से एमबीए की डिग्री हासिल की थी। अपर्णा यादव ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद से मुलायम सिंह परिवार से कुछ दूरियां भी बन गई थीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अपर्णा यादव से तलाक लेंगे पति प्रतीक यादव, परिवार तोड़ने समेत कई गंभीर आरोप लगाए
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।