Prateek Yadav will divorce Aparna Yadav, levelling several serious allegations including breaking up the family अपर्णा यादव से तलाक लेंगे पति प्रतीक यादव, परिवार तोड़ने समेत कई गंभीर आरोप लगाए, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अपर्णा यादव से तलाक लेंगे पति प्रतीक यादव, परिवार तोड़ने समेत कई गंभीर आरोप लगाए

मुलायम सिंह यादव की बहू और भाजपा नेता अपर्णा यादव और उनके पति के बीच अनबन तलाक तक पहुंच गई है। प्रतीक ने सोमवार को अपर्णा से तलाक लेने का ऐलान कर दिया। प्रतीक ने अपर्णा पर कई आरोप भी लगाए हैं।

Mon, 19 Jan 2026 03:48 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
अपर्णा यादव से तलाक लेंगे पति प्रतीक यादव, परिवार तोड़ने समेत कई गंभीर आरोप लगाए

उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे रसूखदार परिवार कहा जाने वाला मुलायम सिंह यादव के परिवार में हलचल मची हुई है। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू और भाजपा नेता अपर्णा यादव के वैवाहिक जीवन में दरार आ गई है। अपर्णा और उनके पति प्रतीक यादव के बीच रिश्ते अब तलाक की दहलीज तक पहुंच चुके हैं। प्रतीक यादव ने अपर्णा पर परिवार तोड़ने समेत कई आरोप लगाते हुए अलग होने का ऐलान कर दिया है। सोमवार की सुबह प्रतीक ने अपर्णा यादव से जल्द ही तलाक लेने की घोषणा भी इंटाग्राम पर कर दी। अपर्णा यादव की फोटो के साथ प्रतीक ने उन्हें स्वार्थी (Selfish) और परिवार को तोड़ने वाली (Family Destroyer) भी लिखा है।

प्रतीक ने इंटाग्राम पर लिखा कि मैं जितनी जल्दी हो सके इस स्वार्थी महिला से तलाक लेने जा रहा हूँ। उसने मेरे पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद कर दिया। यह केवल मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती है। अभी मैं बहुत खराब मानसिक स्थिति में हूँ और अपर्णा को इसकी कोई परवाह नहीं है, क्योंकि वह केवल अपने बारे में सोचती है। मैंने कभी इतनी बुरी इंसान नहीं देखी और मैं बदकिस्मत था कि मेरी शादी अपर्णा से हुई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गजब संयोग! अपर्णा यादव ने आज ही दिन ज्वाइन की थी बीजेपी, अब पति का तलाक का ऐलान

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। अपर्णा यादव ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा से किनारा कर भाजपा का दामन थाम लिया था। वह लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से टिकट भी मांग रही थीं लेकिन नहीं मिला। इस बीच उन्हें राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष बना दिया गया।

परिवार तोड़ने के गंभीर आरोप

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के बीच पिछले कुछ समय से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। बताया जा रहा है कि प्रतीक ने अपर्णा पर 'पारिवारिक मर्यादाओं को नजरअंदाज करने' और 'सैफई परिवार की एकता में दरार डालने' जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। लंबे समय तक चली अनबन के बाद अब मामला कानूनी अलगाव (Divorce) की ओर बढ़ता दिख रहा है। हालांकि, अपर्णा यादव की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

सियासी और वैचारिक मतभेद भी बनी वजह?

जानकारों का मानना है कि इस विवाद की जड़ें सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राजनीतिक भी हो सकती हैं। जहां पूरा यादव परिवार समाजवादी विचारधारा के साथ एकजुट है, वहीं अपर्णा यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया था। हाल ही में सैफई में हुए पारिवारिक समारोहों में अपर्णा और प्रतीक को साथ देखा गया था, जहां उन्होंने अखिलेश यादव के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया था। लेकिन अंदरूनी तौर पर चल रही कलह अब सार्वजनिक होती दिख रही है।

10 साल के प्रेम प्रसंग के बाद हुई थी शादी

अपर्णा और प्रतीक की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं थी। दोनों करीब 10 साल तक रिलेशनशिप में रहे और फिर 2011 में भव्य समारोह के बीच शादी के बंधन में बंधे थे। प्रतीक यादव राजनीति से दूर पेशे से बड़े व्यवसायी और फिटनेस फ्रीक माने जाते हैं। इतने वर्षों के साथ के बाद अचानक आई तलाक की खबरों ने समर्थकों को हैरान कर दिया है।

क्या कहते हैं करीबी?

फिलहाल यादव परिवार के किसी भी सदस्य ने इस निजी मामले पर कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। पुलिस या कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल होने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। यदि यह खबर सच साबित होती है, तो यह उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक कुनबे के लिए एक बड़ा निजी झटका होगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।