शोपीस बने वाटर एटीएम, बोतलबंद पानी खरीदने की मजबूरी
Pratapgarh-kunda News - भीषण गर्मी के बीच, नगर के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए वाटर एटीएम खराब हालत में हैं। तहसील गेट पर स्थित वाटर एटीएम कई दिनों से बंद हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

बनी तेरहमील। हिन्दुस्तान संवाद भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत देने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर एटीएम बदहाल हालत में नजर आ रहे हैं। नगर के प्रमुख स्थान तहसील गेट पर स्थापित वाटर एटीएम पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है। इससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को पीने के पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।गर्मी का पारा लगातार चढ़ रहा है और ऐसे समय में ठंडे व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था ठप होने से लोग मजबूरन मंहगे बोतलबंद पानी खरीदने को विवश हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन सुविधाओं को जनहित में शुरू किया गया था, उनकी अनदेखी अब परेशान कर रही है।
वाटर एटीएम कई दिनों से खराब है लेकिन अब तक इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे न सिर्फ नगरवासियों बल्कि तहसील आने-जाने वाले ग्रामीणों और बाहरी लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गर्मी के चरम समय में इस तरह की अनदेखी ठीक नही है। लोगों ने जल्द से जल्द वाटर एटीएम को दुरुस्त कर नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि समस्या की जानकारी मिली है, संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही मरम्मत कार्य पूरा कराकर वाटर एटीएम को चालू कराया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन