आरएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर पुलिस का शिकंजा, 21 मुकदमे दर्ज, अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर
हाथरस में सनातन स्वामिभान यात्रा रोकने के बाद 27 दिन से अपने ही घर के बाहर धरने पर बैठे राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मुश्किले बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है।

यूपी के हाथरस में सनातन स्वामिभान यात्रा रोकने के बाद 27 दिन से अपने ही घर के बाहर धरने पर बैठे राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मुश्किले बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। उन पर विभिन्न जनपदों में कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही प्रशासन ने हरिआई हॉस्पिटल में किए अवैध कब्जे पर भी बुलडोजर चला दिया है।
यूजीसी और एससीएसटी एक्ट खत्म करने के विरोध में राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैय्या निवासी गली नंबर एक रवि कुंज अपने समर्थकों के साथ सात जनवरी को प्रधानमंत्री आवास तक सनानत स्वाभिमान यात्रा लेकर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जिसके विरोध में वह अपने घर के बाहर ही धरने पर बैठ गये। पिछले 27 दिन से वह लगातार धरने पर बैठे हैं। धरने के बीच में उनकी और उन्हीं की पार्टी के जिलाध्यक्ष की एक ऑडियो वायरल हुई। उसी ऑडियो के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पीएम मोदी को लेकर की थी टिप्पणी
दो दिन पहले देश के प्रधानमंत्री को लेकर उनके द्वारा टिप्पणी की गई तो पुलिस ने फिर एक मुकदमा दर्ज कर लिया। अब पंकज के खिलाफ कुल मुकदमों की संख्या 21 हो गई है। इन्हीं मुकदमों की संख्या के आधार पर कोतवाली सदर पुलिस ने उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस ने उन्हें चार-बी नंबर दिया है। पुलिस के हिस्ट्रीशीटरों की सूची में उनका नाम अंकित किया जाएगा। पंकज के खिलाफ हाथरस, अलीगढ़, सहारनपुर में मुकदमे दर्ज है। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायाण ने बताया, मुकदमों के आधार पर समीक्षा की जाती है। उसी के क्रम में पंकज की कोतवाली सदर में हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इसके अलावा जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वह किसी जाएगी।
हरिआई हॉस्पिटल में टिनशेड में बांध रखे थे पशु
हाथरस। हरिआई हॉस्पिटल परिसर में अवैध कब्जा कर लिए जाने पर पंकज धवरैय्या के खिलाफ लेखपाल ने मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज हो जाने के बाद शुक्रवार शाम को प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और अवैध कब्जे को घवस्त कर दिया। लेखपाल राघवेंद्र सिंह ने कोतवाली सदर में तहरीर देते हुए कहा है कि हरि आई हॉस्पिटल के संबंध में मौके पर जांच की गई। जांच में पाया गया कि हॉस्पिटल परिसर में पंकज धवरैय्या ने अवैध रूप से कब्जा कर टीन शेड लगाकर और गेट लगाकर एक कमरे का निर्माण कर पशु बांध रखे हैं। इस बीच, पंकज का कहना है कि सवर्णों के हित में उनका संघर्ष जारी रहेगा। शुक्रवार शाम को तहसीलदार सदर लक्ष्मी नारायण वाजपेयी के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम ने अवैध रूप से निर्मित टीन शेड और कच्ची दीवारों को बुलडोजर की मदद से हटा दिया। तहसीलदार सदर लक्ष्मी नारायण वाजपेयी ने बताया कि इस स्थान पर कच्ची दीवारें और टीन शेड बनाकर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे अब पूरी तरह से कब्जा मुक्त कर दिया गया है।




साइन इन