एंबुलेंस मांगती रही पेट्रोल, पंप वाले ने किया इनकार; अस्पताल पहुंचने से पहले ही मरीज की मौत
बलिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पेट्रोल न मिलने के कारण रास्ते में रुकी एंबुलेंस में एक मरीज की मौत हो गई। बैरिया क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है और पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है।

यूपी के बलिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां बैरिया क्षेत्र में कथित तौर पर पेट्रोल पंप से पेट्रोल न मिलने के कारण एक एंबुलेन्स के रास्ते में रुक जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) देवमणि मिश्र ने बताया कि गुरुवार को यह मामला संज्ञान में आया। उन्होंने बताया कि बैरिया तहसील के पांडेपुर गांव के रहने वाले 50 साल के छट्ठू शर्मा की बुधवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें एक निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल खत्म होने से एंबुलेंस रास्ते में बंद हो गई। परिजनों ने टेंगरही गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल देने का आग्रह किया, लेकिन पंप संचालक ने पेट्रोल न होने का हवाला देकर इनकार कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि समय पर पेट्रोल न मिलने से छट्ठू को जिला अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डीएसओ मिश्र ने कहा कि प्रकरण बेहद गंभीर है और पेट्रोल पंप संचालक को आपात स्थिति में एंबुलेंस को पेट्रोल देना चाहिए था।उन्होंने बताया कि बैरिया के उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी और सहायक खाद्य अधिकारी की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है जिसने जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सक्षम अधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।
खड़े ट्रक में बस ने मारी टक्कर, डीसीएम चालक की मौत
उधर, शाहगंज के अयोध्या मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार की भोर में करीब साढ़े चार बजे प्राइवेट बस खड़े ट्रक से टकरा गई। जिसके बाद ट्रक आगे खड़े डीसीएम से टकरा गया। जिससे डीसीएम चालक की मौत हो गई। बस में बैठे पांच यात्री भी घायल हो गए। सभी को सीएचसी शाहगंज में भर्ती कराया गया।
प्राइवेट बस दिल्ली से 24 यात्रियों को लेकर बलिया जा रही थी। अयोध्या मार्ग स्थित नवनिर्मित रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट संख्या दो के पास सड़क किनारे खड़े गेहूं लदे ट्रक में बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक आगे खड़े डीसीएम से टकराते हुए गुमटी में जा घुसा। ट्रक के पास खड़े सरपतहां थाना क्षेत्र के कटघर निवासी डीसीएम चालक सुनील यादव पुत्र माता प्रसाद बस की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकालकर निजी अस्पताल और सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।




साइन इन